सीमा बोलीं, 'सारा की पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में किया गया खेल'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की बहू सारा की मौत की सीबीआई जांच के लिए उसकी मां सीमा सिंह मंगलवार सुबह सीएम अखिलेश यादव से मिलेंगी।
सीमा सिंह सोमवार दोपहर सीएम के पांच कालीदास मार्ग स्थित आवास गई थीं, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। सीएम के ओएसडी ने उन्हें मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे सचिवालय स्थित सीएम ऑफिस बुलाया है।
सीमा सिंह ने कहा कि उनकी बेटी की मौत के पीछे पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनके बेटे अमनमणि की गहरी साजिश है। जब तक सीबीआई जांच नहीं होगी, सारा की मौत का सच सामने नहीं आएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री और उनके बेटे के रसूख के चलते पुलिस शुरुआत से ही इस मामले में पर्दा डालने की कोशिश में जुटी है।
पुलिस ने सारा के पोस्टमार्टम में भी खेल किया। फीरोजाबाद जाकर उन्होंने छानबीन की तो कुछ चिकित्सकों ने बताया कि पोस्टमार्टम में वैसा ही लिखा गया जैसा पुलिस बता रही थी।
'पुलिस ने अमरमणि के इशारे पर काम किया'
सीमा सिंह ने कहा कि सारा की मौत का सच छिपाने के लिए पुलिस ने पूर्व मंत्री के इशारे पर काम किया है, लेकिन वह सच सामने आने तक संघर्ष करती रहेंगी।
सीमा सिंह ने सीएम से मिलकर पुलिस के खेल के बारे में जानकारी देने की बात कही है। गौरतलब है कि सारा और अमनमणि बीती नौ जुलाई को दिल्ली जा रहे थे तभी फीरोजाबाद के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में सारा की मौत हो गई थी।
सीमा सिंह ने बेटी की मौत को पूर्व मंत्री और उनके बेटे की साजिश बताते हुए राज्यपाल से गुहार लगाई थी।
राज्यपाल ने डीजीपी को कार्रवाई के निर्देश देने के साथ ही सीएम से सीबीआई जांच की संस्तुति भी की थी। इसके बाद फीरोजाबाद में पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और अमनमणि सहित अन्य परिवारीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।