होली से पहले 40 लाख लोगों के खाते में छह हजार रुपये!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य सरकार ने होली से पहले 40 लाख लोगों के खातों में समाजवादी पेंशन की दोनों किस्त भेजने का फैसला किया है। मतलब, हर खाते में छह हजार रुपये पहुंच जाएंगे।
अब तक 34 लाख से ज्यादा लाभार्थियों का ब्यौरा वेबसाइट पर अपलोड किया जा चुका है। इस फैसले पर तेजी से अमल करते हुए सोमवार को 8.17 लाख लोगों के खाते में पेंशन की पहली किस्त भेजी गई है।
बता दें कि समाजवादी पेंशन योजना के तहत हर लाभार्थी को 500 रुपये महीना पेंशन देने का प्रावधान है। चालू वित्तीय वर्ष में पहली किस्त में आठ महीने और दूसरी किस्त में चार महीने की पेंशन मिलेगी।
चूंकि पेंशन राज्य मुख्यालय स्थित ट्रेजरी से सीधे लाभार्थी के खाते में भेजा जाना है लिहाजा सारा डाटा ऑनलाइन करना होगा। दो फरवरी की शाम तक 40 लाख में से 34.31 लाख लाभार्थियों का ब्यौरा वेबसाइट पर अपलोड किया जा चुका था। शेष डाटा भी जल्द अपलोड करने के लिए सभी जिलाधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
अस्वीकृत खातों को सुधारने का काम भी शुरू
इतना ही नहीं पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) सर्वर पर अपलोड 5.18 लाख लाभार्थियों का डाटा खाता नंबर संबंधी खामियों के चलते अस्वीकृत कर दिया गया था। उन्हें भी ठीक कराने की कार्यवाही शुरू हो गई है।
समाज कल्याण विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक, अब तक पीएफएमएस सर्वर पर अपलोड 15.52 लाख लाभार्थियों के डाटा का बैंक सर्वर पर उपलब्ध डाटा से मिलान करा लिया गया है।
इनमें से 8.17 लाख लोगों को सोमवार को पहली किस्त भेजी गई, जबकि 5.52 लाख लाभार्थियों को प्रथम किस्त का भुगतान पहले ही किया जा चुका है। शेष बचे 1.83 लाख लोगों के खाते में तीन फरवरी की शाम तक धनराशि भेज दी जाएगी।
56,088 आवेदकों का रिकॉर्ड ब्लॉक
समाज कल्याण विभाग ने 56,088 आवेदकों के रिकॉर्ड को ब्लॉक कर दिया है। दरअसल यह कार्रवाई इनके नाम व बैंक खाताधारक के नाम में अंतर मिलने पर किया गया है। हालांकि अब खातों की पहले गहन जांच कराई जाएगी, उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
अंबेडकरनगर में गलत लोगों का चयनकर्ता पर होगी कार्रवाई
अंबेडकरनगर की नगर पालिका परिषद जलालपुर में समाजवादी पेंशन योजना में सभासदों, पालिका कर्मचारियों, सोने के कारोबारियों व संपन्न लोगों के चयन के लिए जिम्मेदार अधिशासी अधिकारी मंजूर अहमद और उनके अधीनस्थ कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने भी इनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी।
प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम में परिचय पत्र लेने वाले निकले अपात्र
फर्रुखाबाद में पिछले दिनों प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में जिन 500 लोगों को समाजवादी पेंशन परिचय पत्र बांटे गए थे, उनमें से करीब सौ लोग अपात्र मिले हैं। शासन ने इसे गंभीर अनियमितता माना है। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
इस पर समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सुनील कुमार का कहना है कि समाजवादी पेंशन वितरण संबंधी प्रक्रिया पर तेजी से काम हो रहा है। इसी महीने प्रथम और द्वितीय किस्त का पूरा भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।