फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   RJD-Congress started the 'burqa' mischief: CM Yogi said - everyone is aware of the jungle raj in Bihar from 19

राजद-कांग्रेस ने शुरू की 'बुरके' की शरारत : सीएम योगी बोले-1990 से 2005 तक बिहार के जंगलराज से हर कोई वाकिफ

Thu, 16 Oct 2025 05:31 PM IST
आकाश द्विवेदी अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: आकाश द्विवेदी Updated Thu, 16 Oct 2025 05:31 PM IST
सार

सीएम योगी ने कहा, पारदर्शी व स्वच्छ चुनाव प्रक्रिया के तहत हर मतदाता को अपनी पहचान देनी है। पहचान पत्र दिखाकर ही हर कोई मतदान कर सकता है।

विज्ञापन
RJD-Congress started the 'burqa' mischief: CM Yogi said - everyone is aware of the jungle raj in Bihar from 19
बिहार पहुंचे सीएम योगी - फोटो : विभाग

विस्तार

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार से बिहार विधानसभा के चुनावी रण में उतरे। वे दानापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव की नामांकन रैली में शामिल हुए। सीएम ने फुलवारी शरीफ से एनडीए प्रत्याशी श्याम रजक को भी जिताने की अपील की। सीएम योगी यहां विपक्षी दल राजद व कांग्रेस पर खूब बरसे। 

विज्ञापन


उन्होंने कहा, बिहार में विकास की दौड़ को बाधित करने के लिए राजद, कांग्रेस व इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों ने विकास बनाम बुरके की शरारत शुरू की है। जब बिहार विकास की चर्चा कर रहा है तो कांग्रेस, राजद ने बुरके की नई बहस को बढ़ाने का प्रयास किया है। इन्हें फर्जी पोलिंग का अधिकार नहीं मिलना चाहिए। राजद व कांग्रेस फर्जी पोलिंग करवाने की चेष्टा कर रहे हैं। लेकिन, विदेशी घुसपैठियों को यहां आकर बिहार के नागरिकों, गरीबों व दलितों के अधिकार पर डकैती की छूट नहीं मिलनी चाहिए। यह लोग ईवीएम नहीं, बल्कि पहले के जैसे जबर्दस्ती मतदान और मतपत्रों की छिनैती करना चाहते हैं। राजद व कांग्रेस बिहार को उसी कालखंड में ले जाने का प्रयास कर रही है। 

विज्ञापन

RJD-Congress started the 'burqa' mischief: CM Yogi said - everyone is aware of the jungle raj in Bihar from 19
CM Yogi Adityanath - फोटो : अमर उजाला
बिहार के जंगलराज व परिवारवाद से हर कोई वाकिफ
सीएम योगी ने कहा,1990 से 2005 तक फैले बिहार के जंगलराज और परिवारवाद को हर कोई जानता है। राजद व कांग्रेस को घेरते हुए सीएम योगी ने कहा कि इन लोगों ने बिहार की आध्यात्मिक ज्ञानभूमि को परिवारवाद और अपराध की भूमि बना दिया था। 

विकास के नाम पर फैलाई गई अराजकता किसी से छिपी नहीं है। उस समय पेशेवर माफिया, गुंडों को सत्ता का संरक्षण प्रदान कर बिहार के विकास को बाधित कर दिया गया था। जिस बिहार ने कभी भारत का नेतृत्व किया,  2000 वर्ष पहले भारत को स्वर्ण युग दिया। इन लोगों के कारण उस बिहार से लोग पलायन कर रहे थे। 

आपराधिक उद्योग को भी नियंत्रित करेगी एनडीए सरकार 
सीएम ने कहा,एनडीए सरकार राजद व कांग्रेस के भ्रष्टाचार व आपराधिक उद्योग को भी नियंत्रित करेगी। यूपी में माफिया जहन्नुम की यात्रा पर जा चुके हैं। यूपी में अपहरण उद्योग में लिप्त राजद के पार्टनर पहले छाती ठोककर अराजकता फैलाते थे, लेकिन आज उनकी दुर्गति हो रही है। इनकी प्रॉपर्टी जब्त कर गरीबों का आवास बना रहे हैं। 

विकास कार्यों में खर्च होने वाले पैसे को चारा महाघोटाला में खर्च किया गया
सीएम योगी ने कहा, एनडीए ने 20 वर्ष में बिहार को उस कलंक से मुक्त किया है। अब बिहार में विकास को कोई बाधित नहीं कर सकता। कोई अपराध को जन्मसिद्ध अधिकार या बपौती बनाकर अपहरण का उद्योग चलाने का दुस्साहस नहीं कर सकता। केंद्र व प्रदेश सरकार ने मिलकर विकास के जिन कार्यों को आगे बढ़ाया है, उसमें पेशेवर माफिया बाधक नहीं बन पाएंगे क्योंकि एनडीए सरकार यहां प्रभावी भूमिका में कार्य कर रही है। 

बिहार का नौजवान जब बाहर जाता है तो हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाता है, लेकिन 1990 से 2005 तक कुछ लोगों ने बिहार के नौजवानों की प्रतिभा को कुंद कर दिया था। बिहार लंबे समय तक यह दंश झेलता रहा। यहां अनेक घोटाले हुए। विकास कार्यों में खर्च होने वाले पैसे को चारा महाघोटाला में खर्च किया गया, वहीं एनडीए सरकार ने बिहार से पहचान का संकट समाप्त किया है। बिहार में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर दिखाई दे रहा है। 

फर्जी पोलिंग चाहते हैं राजद-कांग्रेस 
सीएम योगी ने कहा, पारदर्शी व स्वच्छ चुनाव प्रक्रिया के तहत हर मतदाता को अपनी पहचान देनी है। पहचान पत्र दिखाकर ही हर कोई मतदान कर सकता है। एनडीए के सभी दल इसे आगे बढ़ाने की कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन राजद, कांग्रेस व उनके सहयोगी दल कहते हैं कि फर्जी पोलिंग होनी चाहिए। सीएम ने इसे लोकतंत्र के लिए चुनौती बताया और कहा कि इन्हें (राजद-कांग्रेस) बिहार के नागरिकों, नौजवानों,  दलितों-वंचितों के अधिकार पर डकैती डालने का अवसर नहीं मिलना चाहिए। जब चुनाव आयोग आगे बढ़ा तो यह लोग दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं। सीएम ने मतदाताओं से पूछा कि दुनिया में हर जगह अपना चेहरा-पहचान दिखानी पड़ती है, लेकिन यह लोग चाहते हैं कि बिना चेहरा-पहचान पत्र देखे, जिसकी मर्जी आए वह वोट डाल दे। 

लोकतंत्र का गला घोंटने वाले कांग्रेस की झोली में गिरवी है राजद
सीएम ने कहा, जब कांग्रेस ने लोकतंत्र के गले को घोंटा था, तब यही बिहार उठ खड़ा हुआ था। जयप्रकाश जी ने पटना में हुंकार भरी थी और कहा था कि लोकतंत्र का गला घोंटने का अधिकार किसी को नहीं देंगे। जिस कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटा था, उसी की झोली में राजद ने खुद को गिरवी रख दिया है। 

यह जेपी के सपनों पर पानी फेर रहे हैं और लूट, भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए कांग्रेस की झोली में चले गए हैं। बिहार ने दुनिया को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाया था, वैशाली का गणतंत्र उसका उदाहरण है। बिहार ने प्राचीनतम विश्वविद्यालय (नालंदा) दिया है। बिहार विकास की ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है, लेकिन राजद व कांग्रेस को यह अच्छा नहीं लगेगा। 

भगवान राम-मां जानकी जैसा अटूट है उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध 
सीएम ने बिहार को लोकतंत्र की जननी बताया और दानापुर की महत्ता पर प्रकाश डाला। सीएम ने बिहार के महापुरुषों, महाप्रतापियों व राष्ट्रशिल्पियों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध साझी विरासत है। यह आत्मा-संस्कृति, संकल्प का संबंध है। यह भगवान राम व मां जानकी जैसा अटूट है। सीएम ने आह्वान किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने 20 साल में जो करके दिखाया है, वह गति इसी प्रकार से बनी रहे। 
विज्ञापन

RJD-Congress started the 'burqa' mischief: CM Yogi said - everyone is aware of the jungle raj in Bihar from 19
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन चुका, बिहार में बन रहा मां जानकी का मंदिर
सीएम ने कहा, केंद्र में नरेंद्र मोदी व राज्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास व विरासत भी है। जब बिहार के रामभक्त नारा लगाते हुए जाते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। तब कांग्रेस-राजद वाले प्रश्न करते थे कि यह संभव होगा। 

बिहार चुनाव में हमसे पूछा जाता था कि क्या अयोध्या में राम मंदिर बन पाएगा, हम कहते थे कि जरूर। आज यूपी के अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन चुका है और बिहार में 900 करोड़ की लागत से मां जानकी का मंदिर बन रहा है। हमें भगवान राम और मां जानकी,  चंद्रगुप्त मौर्य, भगवान बुद्ध, चाणक्य की परंपरा पर गौरव की अनुभूति होती है। 

यूपी व बिहार की विरासत मजबूती के साथ बढ़ेगी आगे 
सीएम योगी ने कहा, यूपी व बिहार की विरासत मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। हमने भी बिहार की परंपरा को मजबूती से जोड़ा है। जयप्रकाश जी की जन्मभूमि बलिया (यूपी-बिहार के जंक्शन) में है। 1977 में उन्होंने यूपी सरकार को पत्र लिखा था कि वहां के चिकित्सालय का नामकरण मेरी धर्मपत्नी के नाम पर करा दें, लेकिन समाजवादी पार्टी-कांग्रेस ने नहीं किया पर जब हमारी सरकार आई तो उनकी जन्मभूमि पर बने चिकित्सालय को भव्य स्वरूप दिया और इसे उनकी पत्नी के नाम से जोड़ा। जयप्रकाश जी का भव्य स्मारक बनाया। प्रयागराज में यूपी का पहला लॉ विश्वविद्यालय डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नाम पर बना। अयोध्या की पहली कनेक्टिविटी सीतामढ़ी के लिए होनी चाहिए, उसे रामजानकी मार्ग के रूप में फोरलेन के साथ बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। 

लोकतंत्र की धरती पर खिलना चाहिए लोकतंत्र का कमल
सीएम योगी ने कहा, बिहार में मेट्रो,  विश्वविद्यालय, इन लैंड वॉटर वे, एयरपोर्ट, नौजवानों को नौकरी व रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए विकास की आभा समाप्त नहीं होने देनी है। दीपावली में हर घऱ में जगमगाहट और छठ में महाउत्सव सा माहौल होता है, ऐसे ही लोकतंत्र की धरती पर लोकतंत्र का कमल खिलना चाहिए। एक तरफ बिहार विकास करेगा तो दूसरी तरफ एनडीए सरकार समाज के प्रत्येक तबके का उत्थान करेगी। हम फिर से बिहार को स्वर्णयुग में लेकर जाएंगे। जैसे यूपी में माफिया की जमीन को वापस लेकर गरीबों का आवास बन रहा है, वैसा ही बिहार में भी होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed