समीक्षा अधिकारी परीक्षा का पेपर भी लीक, बड़े अधिकारी ने दिए सबूत
आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने 27 नवंबर को उत्तर प्रदेश संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा का पेपर लीक होने की बात कही है।
इस संबंध में उन्होंने एसएसपी मंजिल सैनी को एफआईआर दर्ज कराने के लिए पत्र भी लिखा है। आईजी रूल्स एंड मैनुअल्स ठाकुर का कहना है कि आबकारी पेपर लीक प्रकरण में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी के बाद उपरोक्त परीक्षा में शामिल कई अभ्यर्थियों ने उनसे मुलाकात कर वाट्सएप पर पेपर लीक होने की जानकारी दी थी।
अभ्यर्थियों ने परीक्षा की दूसरी पाली में दोपहर ढाई से साढ़े तीन बजे तक आयोजित सामान्य हिंदी और प्रथम पाली में सुबह साढ़े नौ से साढे़ ग्यारह बजे तक होने वाला सामान्य अध्ययन का पेपर भी लीक होने की बात कही।
अभ्यर्थी ने वाट्सएप पर पेपर लीक से जुड़े कई मैसेज दिखाए
एक अभ्यर्थी ने वाट्सएप पर आए पेपर लीक से संबंधित कई मैसेज भी दिखाए। यह मैसेज 27 नवंबर को दोपहर 14.23 बजे के हैं।
दो मैसेज में प्रथम पाली के सामान्य अध्ययन के पेपर का अंश थे जबकि तीन मैसेज में दूसरी पाली के हिंदी के पेपर से संबंधित हस्तलिखित उत्तर के थे।
इन तीन मैसेज में पहले मैसेज में 15, दूसरे में 25 और तीसरे में आठ प्रश्न के उत्तर हाथ से लिखे हुए थे। जिस अभ्यर्थी के मोबाइल फोन पर मैसेज आए थे, उसने बताया कि परीक्षा केंद्र पर पास ही खड़े एक अनजान अभ्यर्थी ने उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज मंगाए थे।
अनजान अभ्यर्थी ने परीक्षा में आने वाले प्रश्नों के उत्तर मंगाने की बात कही। दोपहर सवा दो बजे तक मैसेज न आने पर उक्त अभ्यर्थी मोबाइल फोन स्विच ऑफ करके परीक्षा देने चला गया।
परीक्षा में फंसने के डर से किसी से नहीं कि शिकायत
परीक्षा के बाद चार बजे उसने अपना मोबाइल फोन खोला तो वाट्सएप पर प्रश्न व उनके हस्तलिखित उत्तर के पांच मैसेज रिसीव हुए। पहले वह अभ्यर्थी फंसने के डर से घबरा गया और किसी से चर्चा नहीं की।
आबकारी परीक्षा लीक प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज करने के कोर्ट के आदेश का पता चलते ही उन्होंने आईजी अमिताभ ठाकुर से संपर्क किया।
ठाकुर के पास जो अभ्यर्थी आए थे उनमें एक का चयन समीक्षा अधिकारी 2014 परीक्षा में हो चुका है और मौजूदा समय में वह इस पद पर कार्यरत भी है। अभ्यर्थियों ने पुलिस को हर तरह से सहयोग देने का वादा किया है।