UP News: लखनऊ में घर का सपना होगा साकार, एलडीए की इस योजना में ले सकते हैं सस्ता फ्लैट; पढ़ें पूरी डिटेल
लखनऊ में एलडीए की आवासीय योजना में 2505 फ्लैटों के लिए पंजीकरण अगले महीने से शुरू हो जाएगा। निम्न और मध्य आय वर्ग के लिए 6 से 25 लाख रुपये कीमत के फ्लैट होंगे। देवपुर पारा के कबीर नगर में कई आकार के फ्लैटों का निर्माण हो रहा है।
विस्तार
राजधानी लखनऊ में जो लोग महंगा होने के कारण एलडीए की अनंत नगर योजना में प्लॉट नहीं बुक करा पाए हैं, वो अब एलडीए की विश्राम नगर योजना में फ्लैट के लिए आवेदन कर सकते हैं। यहां पर छह लाख से 25 लाख रुपये कीमत तक के 2502 फ्लैट बनाए जा रहे हैं। एलडीए अगले महीने इसके लिए पंजीकरण खोलेगा। अभी इस योजना के लिए रेरा में पंजीकरण कराया जा रहा है।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि देवपुर पारा के कबीर नगर में पूर्व में 608 निम्न मध्य आय वर्ग (एसएमआईजी) व 912 मध्य आय वर्ग (एमआईजी) भवन निर्मित किये गये हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग रह भी रहे हैं। इस योजना को अब विश्राम नगर का नाम दिया गया है। यहां नए बहुमंजिला आवासीय भवन निर्मित किए जा रहे हैं।
बच्चों के लिए पार्क व वयस्कों के लिए ओपन जिम भी होगी
इन भवनों में 1832 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), 214 निम्न आय वर्ग (एलआईजी) व 456 मध्य आय वर्ग (एमआईजी) श्रेणी के फ्लैट होंगे। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। लगभग 32 वर्गमीटर से 55 वर्गमीटर क्षेत्रफल के यह भवन कम आय वालों के बजट में होंगे। यहां बच्चों के लिए पार्क व वयस्कों के लिए ओपन जिम आदि की सुविधाएं भी होंगी।
भवनों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया ताकि रहने वाले लोगों को किसी भी तरह की कोई असुविधा न हो। उपाध्यक्ष ने बताया कि योजना को आम लोगों के लिए जल्द से जल्द खोलने के उद्देश्य से सोमवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की गयी। इसमें जून से भवनों का पंजीकरण खोलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए मई के अंत तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होंगे उपलब्ध
एलडीए के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि योजना में निम्न मध्य आय वर्ग (एसएमआईजी) व मध्य आय वर्ग (एमआईजी) के कुल 1520 फ्लैट पहले ही बन चुके हैं। इन्हें पहले आओ-पहले पाओ योजना के तहत आवंटित किया जा रहा है। इच्छुक लोग एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुक करा सकते हैं। एसएमआईजी का क्षेत्रफल लगभग 1032 वर्ग फुट और कीमत लगभग 33 लाख रुपये है। एमआईजी का क्षेत्रफल 977 वर्गफुट व कीमत 31 लाख रुपये है।
फैक्ट फाइल
- ईडब्ल्यूएस फ्लैट : आकार 30 से 32 वर्गमीटर, कीमत 6 लाख रुपये
- एलआईजी फ्लैट : आकार 45 वर्गमीटर, कीमत 12 लाख रुपये
- एमएमआईजी फ्लैट : आकार 55 वर्गमीटर, कीमत 25 लाख रुपये
बसंतकुंज सेक्टर-एक के प्लाटों का बहाल होगा आवंटन
बसंतकुंज योजना के सेक्टर-ए के 272 प्लॉटों का निरस्त किया गया आवंटन बहाल होगा। आवंटियों को रजिस्ट्री कर भूखंडों का कब्जा दिया जाएगा। यह आश्वासन सोमवार को मंडलायुक्त रोशन जैकब ने आवंटियों को दिया। एलडीए की ओर से दो सप्ताह पहले बसंतकुंज योजना सेक्टर- ए के 272 प्लॉटों का आवंटन निरस्त किए जाने के बाद प्रभावित आवंटी आंदोलन की तैयारी में जुटे हैं। एलडीए की कार्रवाई के खिलाफ न्यायालय भी जाने की तैयारी है।
रविवार को आवंटियों ने आवंटीजन कल्याण समिति के बैनर तले बैठक भी की थी। सोमवार को आवंटियों ने मंडलायुक्त से मुलाकात कर उन्हें अपनी परेशानी बताई। सवाल भी उठाया कि आखिर क्यों एलडीए की ओर से मध्यम वर्गीय परिवार के साथ धोखा किया जा रहा है। जो प्लॉट लॉटरी के माध्यम से दो साल पहले आवंटित हुए और लगभग सभी ने पैसा भी जमा कर दिया, उसके बाद भी आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः- यूपी कैबिनेट के फैसले: नई स्थानांतरण नीति सहित कैबिनेट ने लिए 11 महत्वपूर्ण फैसले, पार्किंग के लिए बने नए नियम; जानिए डिटेल