एमबीबीएस के छात्र ने विधवा के साथ की घिनौनी हरकत
- सुल्तानपुर की 35 वर्षीय पीड़िता एक बच्चे की है मां
- महिला को रेलवे में नौकरी का झांसा देकर बुलाया राजधानी
- नाका के सेंट्रल होटल ले जाकर बनाए शारीरिक संबंध
विस्तार
केजीएमयू में एमबीबीएस चौथे सेमेस्टर के छात्र व जौनपुर निवासी शिवनारायन विश्वकर्मा के खिलाफ सुल्तानपुर की एक विधवा ने महिला थाने में रेप की एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि केजीएमयू के हॉस्टल में रहने वाले शिवनारायन ने नौकरी का झांसा देकर उसे लखनऊ बुलाया।
फिर नाका के सेंट्रल होटल ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला थाने की एसओ रूमा यादव ने बताया कि महिला के मेडिकल परीक्षण में रेप की पुष्टि हो गई है। आरोपी भागा हुआ है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसओ ने बताया कि सुल्तानपुर की 35 वर्षीय पीड़िता एक बच्चे की मां है। वह बीती चार अप्रैल को शिकायत लेकर महिला थाना आई थी। पीड़िता का कहना है कि शिवनारायन विश्वकर्मा का ननिहाल उसके गांव में है।
रेलवे में नौकरी दिलाने का दिया था झांसा
आते-जाते उससे मुलाकात होती थी। शिवनारायन ने उसे रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फार्म भरवाया था। बीती चार अप्रैल को उसकी परीक्षा थी। सेंटर बिजनौर सरोजनीनगर के कमलापुर स्थित हीरालाल यादव कॉलेज में पड़ा था।
वह लखनऊ आई और शिवनारायन से मिली। पीड़िता का आरोप है कि वह उसे नाका के सेंट्रल होटल ले गया और रेप किया। किसी से शिकायत करने पर उसे व बच्चे को जान से मारने की धमकी दी।
एसओ ने बताया कि पीड़िता की आपबीती सुनकर उन्होंने तत्काल घटनास्थल का मुआयना किया। पांच अप्रैल को पीड़िता की तरफ से एफआईआर दर्ज कराकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। आरोपी फिलहाल भागा हुआ है।