मुलायम से यारी, पर राजनाथ को राजा बोल रहे तिवारी!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनडी तिवारी कभी सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की गलबहियां लगते हैं तो कभी कांग्रेस के दरवाजे पर खड़े हो जाते हैं।
बेटे रोहित शेखर से कानूनी रूप से जुड़ने के बाद उनकी चाल का अंदाजा शायद खुद उत्तराखंड और यूपी के मुख्यमंत्री रह चुके एनडी तिवारी को भी नहीं है।
शायद यही वजह है कि शनिवार को राजनाथ सिंह उनके घर सियासी आशीर्वाद लेने पहुंचे, तो उन्हें राजनाथ को राजा कह डाला।
एनडी बोले, 'राजनाथ तो राजा हैं, ये हमारे पास आए हैं।' यह भी कह दिया कि मेरा साथ तो हमेशा राजनाथ के साथ है।
राजनाथ ने उठा लिया फायदा
सियासत के चौसर के माहिल खिलाड़ी राजनाथ ने भी इस मौके का बखूबी फायदा उठा लिया।
उन्होंने बातों-बातों में खुद को देश का सबसे बड़ा नेता भी कह दिया और बात डाल दी एनडी तिवारी के सिर पर। दरअसल, एनडी तिवारी से आशीर्वाद लेने के बाद राजनाथ 1977 की एक कहानी सुनाने लगे।
राजनाथ बोले, '26 साल की उम्र में जब मेरा पहला राजनीतिक भाषण था तो मैं बहुत नर्वस था। उस वक्त भाषण खत्म होने के बाद एनडी तिवारी ने मुझसे कहा था कि तुम ही देश का भविष्य हो और मुझे खूब प्रोत्साहित किया था।'
वोटबैंक के बदले रोहित की ताजपोशी?
माना जा रहा है कि राजनाथ ने पहाड़ी वोटबैंक में सेंध लगाने के लिए यह मुलाकात की और उन्होंने काफी देर अकेले में एनडी तिवारी से बात भी की।
सूत्रों के मुताबिक, एनडी तिवारी राजनाथ से भी अपने बेटे रोहित शेखर की सियासी पारी मजबूती से शुरू करने की गुजारिश कर सकते हैं।
इसके बदले, एनडी अंदरखाते में राजनाथ के लिए वोटों की जुगत लगा सकते हैं।
जानकारों का मानना है कि रीता बहुगुणा जोशी से मिल रही कड़ी टक्कर की वजह से राजनाथ चिंतिंत हैं और अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए हर मुमकिन कोशिश करने में लगे हुए हैं।
लेकिन, मुलायम तो एनडी के साथ!
भले ही एनडी विजय का आशीर्वाद राजनाथ सिंह को दे रहे हों, लेकिन सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने तिवारी से मिलकर उन्हें आश्वस्त किया था कि वह जिस भी रूप में चुनाव लड़ेंगे, सपा उनके साथ है।
बीते दिनों मुलायम ने कहा था कि पार्टी एनडी के सामने उम्मीदवार खड़ा नहीं करेगी। इस मुलाकात के बाद एक बार फिर यह अटकल शुरू हो गई थीं कि क्या तिवारी सपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ सकते हैं?
तिवारी के विशेष कार्याधिकारी भवानी दत्त भट्ट ने यहां जारी एक बयान में बताया था कि सपा मुखिया ने पूर्व मुख्यमंत्री से उनके आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार मुलाकात की और कुशल क्षेम पूछी।
बेटे रोहित ने संभाली है पिता की कमान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे नारायण दत्त तिवारी के बेटे रोहित शेखर को पिछले दिनों पंडित नारायण दत्त तिवारी मंच का अध्यक्ष बनाया गया था।
रोहित की मां उज्ज्वला शर्मा ने अमर उजाला से बातचीत के दौरान बताया था कि श्री तिवारी ने भविष्य में संभावनाओं को देखते हुए रोहित को पंडित नारायण दत्त तिवारी मंच की कमान सौंपी है।
श्रीमती उज्ज्वला ने कहा कि मंच की सोच विकासशील होगी तथा यह पारस्परिक सौहार्द बढ़ाने का काम करेगा। इन सबके बीच एनडी और राजनाथ की मुलाकात दूरगामी सियासी हलचल के संकेत दे रही है।