लड़की को सुबह अखबार लाने के बहाने बुलाकर किया रेप
लखनऊ के मानकनगर की आरडीएसओ कॉलोनी निवासी रेलवे अधिकारी की अनुपस्थिति में पारा निवासी नौकर प्रिंस श्रीवास्तव ने कक्षा नौ की छात्रा को बहाने से घर बुला लिया। अकेली छात्रा का मुंह दबाकर उसने रेप किया और भाग गया।
छात्रा रोती हुई घर पहुंची तो परिवारीजनों के होश उड़ गए। उन्होंने प्रिंस को पकड़ लिया लेकिन वह हाथापाई करके जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पीड़ित परिवारीजन थाना पहुंचे और इंस्पेक्टर वकील अहमद से शिकायत की जिसके बाद प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया गया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि छात्रा की उम्र 15 साल है। उसकी मां घरों में खाना पकाती है व पिता पुताई का काम करता है। वह रेलवे अधिकारी के आवास के सामने रहने वाले एक अन्य अधिकारी के आवास में बने सर्वेंट क्वार्टर में रहती है। दोनों ही अधिकारी अपना घर नौकरों के भरोसे छोड़कर शहर से बाहर गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे प्रिंस ने सामने रहने वाली छात्रा को अखबार लाने और लाइट बंद करने के बहाने से घर बुलाया। छात्रा घर पहुंची तो प्रिंस ने उसका मुंह दबा लिया और जबरदस्ती की। विरोध करने पर पीटा।
रोते हुए घर पहुंची छात्रा ने सुनाई आपबीती
दुष्कर्म के बाद किसी को कुछ न बताते की धमकी देते हुए वह भाग गया। छात्रा रोते हुए घर पहुंची और मां को आपबीती सुनाई। रेप की बात सामने आते ही परिवारीजनों को सदमा लग गया। छात्रा की मां और परिवारीजन प्रिंस को ढूंढने निकल पड़े।
इलाके में ही प्रिंस नजर आ गया। उसे पकड़कर पूछताछ की गई तो वह गाली-गलौज करने लगा। उसने हाथापाई करते हुए छात्रा व उसके परिवारीजनों को अंजाम भुगतने की धमकी दी और भाग निकला।
छात्रा के माता-पिता ने थाना पहुंचे और प्रिंस के खिलाफ प्रार्थनापत्र दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि प्रिंस के खिलाफ रेप, जान से मरने की धमकी, एससी-एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शुक्रवार सुबह उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।