{"_id":"66d72f422e78e24a8f01e556","slug":"rahul-gandhi-s-gift-the-price-of-ramchet-also-increased-due-to-the-goods-sent-shoes-are-being-sold-at-exorbi-2024-09-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"राहुल गांधी का तोहफा: भेजे गए सामान से बढ़ी रामचेत की भी कीमत, जूतों के मिल रहे हैं मुंह मांगे दाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राहुल गांधी का तोहफा: भेजे गए सामान से बढ़ी रामचेत की भी कीमत, जूतों के मिल रहे हैं मुंह मांगे दाम
Wed, 04 Sep 2024 12:06 AM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला संवाद, सुल्तानपुर
अमर उजाला संवाद, सुल्तानपुर
Published by: रोहित मिश्र
Updated Wed, 04 Sep 2024 12:06 AM IST
सार
Rahul Gandhi gift to Ramchet: राहुल गांधी से मिलने के बाद सुल्तानपुर जिले के रामचेत मोची की किस्मत ही मानो बदल गई है। राहुल ने उनको जो सामान भेजा है उससे बने जूतों के मुंह मांगे दाम मिल रहे हैं।
विज्ञापन
राहुल गांधी ने भेजवाया तोहफा।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
हेलो, रामचेत! मुझे एक जोड़ी जूता चाहिए। हूबहू राहुल गांधी ने जो पहना था। पैसे की चिंता न करना। कीमत मुंह मांगी दूंगा। बशर्ते जूता आपके हाथ का ही बना हो। जवाब देते हुए रामचेत बोले- नहीं साहब! मुझे ज्यादा पैसे नहीं चाहिए। जो दाम होता है आप बस मुझे दे दीजिएगा। एक हफ्ते बाद फोन करिएगा...।
विज्ञापन
सोमवार की देर शाम रामचेत के पास आई एक कॉल ने उनके अंदर उत्साह भर दिया। खुशी के मारे रामचेत को रात भर नींद नहीं आई, वे रात भर व्यापार की योजना ही बनाते रहे। रामचेत ने बताया कि जब से राहुल गांधी ने उनके बनाए जूते पहनकर वीडियो शेयर किया है, तब से ऐसी कई कॉल आ चुकी है, अब तो नाम भी नहीं याद रहता। उन्होंने बताया कि मशीन अच्छी चल रही है, बस उसको व्यवस्थित करना है। मशीन दुकान पर रख नहीं सकता, क्योंकि चोरी हाेने का डर है। इसलिए उन्होंने सोचा है कि रात में घर पर मशीन से जूते तैयार करेंगें और जब जूते पूरी तरह बन जाएंगें तो उसे दुकान पर रखकर बेचेंगें।
विज्ञापन
विज्ञापन
खुश है रामचेत का परिवार
जूतों की बढ़ती डिमांड को देखते हुए रामचेत के बेटे और परिवारजन खुशी हैं। अभी तक मशीन मिलने के बाद कच्चे माल की जरूरत थी। उसके लिए उनके पास पैसे नहीं थे। अब राहुल गांधी ने सोमवार को कच्चा माल और सिलाई के अन्य छोटे-बड़े सामान भेजवा दिया है तो व्यवसाय शुरू करने के लिए शुरुआती जरूरतें पूरी हो चुकी हैं। इसलिए पूरा परिवार हाथ बंटाने को तैयार है।
राहुल गांधी ने शेयर किया था वीडियो
26 जुलाई को रामचेत से राहुल गांधी ने मुलाकात की और अगले ही दिन राहुल गांधी ने जूते बनाने की मशीन भेजवा दी थी। उपहार स्वरूप रामचेत ने अपने हाथ का बनाया एक जोड़ी जूता राहुल को भेंट किया था। छह अगस्त को राहुल गांधी ने उसी जूते को पहनकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर वीडियो शेयर कर लिखा ''''मेरा जूता है हिंदुस्तानी''''।