राहुल गांधी बोले, 'नरेंद्र मोदी का मतलब सिर्फ नफरत, वह भगवान का नाम लेकर झूठ बोलते हैं'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जहां जाते हैं, वहां नफरत ही फैलाते हैं। नरेंद्र मोदी का मतलब नफरत है। पंजाब में हिंदू-सिखों को लड़ाएंगे। महाराष्ट्र, यूपी और बिहार वालों से कहेंगे कि गुजरात नहीं आना। नरेंद्र मोदी भगवान का नाम लेकर दिन भर झूठ बोलते हैं।
राहुल गांधी ने कहा, मोदी जब से प्रधानमंत्री बने हैं देश में नफरत ही फैलाई जा रही है। हिंदू से मुसलमान को लड़ाया जा रहा है। यह देश नफरत से नहीं बल्कि, भाईचारे से चलेगा। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिलेगी और केंद्र में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी।
सलोन कस्बे में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मैं झूठ नहीं बोलता हूं, जो बोलता हूं वही करता हूं। देश में अगला प्रधानमंत्री कांग्रेस का ही होगा यह लिख कर रख लो।
राहुल गांधी ने 'चौकीदार चोर है' से भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि चौकीदार ने भारतीय वायुसेना से 30 हजार करोड़ रुपये लेकर अपने उद्योगपति मित्र अनिल अंबानी को दे दिए। मोदी ने 526 करोड़ रुपये का राफेल विमान 1600 करोड़ में खरीदने का सौदा किया।
फ्रांस के राष्ट्रपति ने खुद कहा कि फ्रांस की कंपनी ने अंबानी को ठेका नहीं दिया बल्कि, हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री ने हमें बता दिया था कि अगर राफेल विमान देना है तो अंबानी को ठेका देना होगा। यह निर्णय किसी और ने नहीं देश के चौकीदार यानी खुद प्रधानमंत्री ने लिया है।
'मोदी का 56 इंच का सीना अब कमजोर हो गया है'
राहुल गांधी ने नुक्कड़ सभा में आए लोगों से पूछा कि क्या आपको अभी तक 15 लाख रुपये मिले। कहा कि प्रधानमंत्री ने 30 हजार करोड़ रुपये की चोरी कर अपने उद्योगपति मित्र की जेब में डाला है। मोदी का 56 इंच का सीना अब कमजोर हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने चीन के सामने घुटने टेक दिए। आज भारत में फोन से लेकर पुलिस की वर्दी तक सब कुछ मेड इन चाइना है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यूपी में गठबंधन पर सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन कहा कि मैं मुलायम सिंह यादव जी, मायावती जी और अखिलेश यादव जी का सम्मान करता हूं।
'देश को लूटकर फरार हो गए और प्रधानमंत्री मोदी चुप्पी साधे हुए हैं'
राहुल गांधी ने कहा कि विकास के नाम पर लोगों को छला जा रहा है। लोग देश को लूटकर फरार हो गये और मोदी सरकार चुप्पी साधे हुए है। अब ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना है।
राहुल ने कहा कि मोदी ने लोगों को लाइन में खड़ा कर दिया है और अमीरों की जेब भरी है। किसान तबाह हो गया और खुद को किसानों का शुभचिंतक बताते हैं। मेरी सरकार किसानों की, बेरोजगारों की व युवाओं की सरकार होगी।