नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गिरफ्तार, सपा नेताओं को किया नजरबंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर प्रदेश भर में प्रदर्शन हो रहे हैं। लखनऊ में कई इलाकों में हिंसा हुई और आगजनी की घटनाएं हुईं। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को हिरासत में ले लिया गया। प्रदर्शन कर रहे सपाइयों पर पुलिस ने कलेक्ट्रेट में लाठीचार्ज कर दिया और कई जगह कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। कलेक्ट्रेट में सपा कार्यकर्ता रविदास मल्होत्रा व अनुराग यादव मौजूद रहे। वहीं, बलरामपुर में प्रदर्शन करने वाले सपाइयों के मंसूबों पर पानी फिर गया। प्रशासने ने सपा के कई पूर्व विधायकों व बड़े नेताओं को नजरबंद कर दिया। पूर्वमिंत्री डॉक्टर एसपी यादव के घर पर सपाई धरने पर बैठे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आवाज दबाने का आरोप लगाया। वहीं, अमेठी में भी प्रदर्शन कर रहे सपाइयों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
उधर, कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं ने विधानभवन में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास प्रदर्शन कर नागरिकता कानून व एनआरसी का विरोध किया। नागरिकता कानून पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार का यह कानून भेदभाव पूर्ण है। इस देश ने कभी भी जाति व धर्म के आधार पर किसी से भेदभाव नहीं किया है। भाजपा की सरकार सिर्फ सत्ता पाने के लिए इस कानून को लेकर आई है। समाजवादी पार्टी इसका विरोध करती है। नागरिकता संशोधन कानून देश के खिलाफ है।
प्रदर्शन को देखते हुए लखनऊ में केडी सिंह बाबू स्टेडियम की मेट्रो लाइन बंद कर दी गई है। बता दें कि आज हो रहे प्रदर्शन के लिए प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी। बृहस्पतिवार रात को ही प्रदेश के डीजीपी ने चेतावनी जारी कर दी थी। उन्होंने वीडियो संदेश में भी अभिभावकों से बच्चों को प्रदर्शन में न भेजने की अपील की थी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सपा मुख्यालय पर पार्टी के कार्यकर्ता एकत्र हो रहे हैं।
प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह लगातार माहौल पर नजर रख रहे हैं। वह सुबह 11 बजे परिवर्तन चौक पर अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। इस समय उनके साथ आईजी व मंडलायुक्त भी मौजूद थे।