आजम खां को अमर सिंह का चैलेंज- 'मैं रामपुर आ रहा हूं, मेरी हत्या करवा देना'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर सिंह मंगलवार को सपा नेता आजम खां और अखिलेश यादव पर जमकर बरसे। एक टीवी चैनल को इंटरव्यू में विवादित बयान का हवाला देते हुए कहा, आजम मुझे मरवाना चाहते हैं और मेरी मासूम बेटियों पर तेजाब फेंकवाना चाहते हैं।
मैं 30 अगस्त को रामपुर जा रहा हूं। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रुकूंगा। मैं एक डरा हुआ बाप हूं। मेरी कुर्बानी ले लें लेकिन बच्चियों को बख्श दें। मैं यहां किसी दल की वजह से नहीं, दो नाबालिग बेटियों की बाप की हैसियत से बैठा हूं।
एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमर सिंह ने कहा, आजम खां के बयान के बाद से उनकी पत्नी रोती रहती हैं और दोनों बेटियां डरी सहमी हुई हैं। तीन उपचुनाव जीतने से तेजाब फेंकने का लाइसेंस नहीं मिल जाता।
तैमूर लंग, अलाउद्दीन खिलजी और मोहम्मद गोरी के नस्ल के लोगों को हिंदुस्तान में रहने का कोई हक नहीं है। आजम कश्मीर को हिंदुस्तान का हिस्सा नहीं मानते और भारत माता को डायन कहते हैं।
उनके लिए यहां कोई जगह नहीं होनी चाहिए। सिंह ने समाजवादी पार्टी को नमाजवादी पार्टी बताते हुए अखिलेश यादव पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए प्रचार करने की बात कही।
आजम को बताया मुलायम का दत्तक पुत्र
अमर सिंह ने आजम खां को मुलायम सिंह यादव का राजनीतिक दत्तक पुत्र करार दिया। कहा, आजम मुलायम सिंह का जन्मदिन मनाते हैं और कहते हैं कि दाऊद इब्राहिम और अबू सलेम ने संसाधन दिए हैं। झूठ बोलने में शोध हो तो सबसे बड़ा पुरस्कार आजम को मिलेगा।
जौहर विवि के लिए कहां से मदद दी, जांच होनी चाहिए
अमर सिंह ने कहा कि जब केरल के लिए यूएई की मदद नहीं ली जा सकती तो फिर जौहर विश्वविद्यालय के लिए किस-किस की मदद ली गई इसकी जांच होनी चाहिए। आजम ने शत्रु संपत्ति पर जौहर यूनिवर्सिटी बनाई है। गृहमंत्री को इसकी जांच करानी चाहिए। प्रदेश की जनता आने वाले चुनाव में यह सवाल करेगी।
जयाप्रदा जब चाहें, आजम सलाखों के पीछे होंगे
अमर ने कहा, जयाप्रदा जब चाहें आजम खां को सलाखों के पीछे भेज सकती हैं। आजम ने उनके खिलाफ जो जहर उगले हैं, उसकी एक तहरीर पर उनके खिलाफ कार्रवाई हो जाएगी।
शिवपाल को भाजपा में लाने के लिए की थी बात
अमर ने कहा, वह शिवपाल के खिलाफ नहीं बोलेंगे क्योंकि वह आजम की तरह शिल्पकार नहीं हैं। शिवपाल को भाजपा में लाने के लिए बड़े नेताओं से बात की थी और मिलने के लिए बुलाया था लेकिन वह नहीं आए।
राज्यपाल से करेंगे आजम की शिकायत
आजम खां के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के बारे में पूछने पर अमर बोले- उन्होंने राज्यपाल राम नाईक से समय मांगा है। उनसे मिलकर इस बारे में प्रतिवेदन करेंगे। बताया कि बुधवार को शाम 6 बजे राज्यपाल से समय मिला है। उनके सामने वह पूरी बात रखेंगे।