अगले महीने से बिजली बिगाड़ेगी बजट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में रविवार से बिजली के दाम बढ़ जाएंगे। सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को अगले महीने से बिजली की ज्यादा कीमत चुकानी होगी।
यही नहीं उपभोक्ताओं को अब बढ़ी दरों के साथ 5.22 फीसदी रेग्युलेटरी सरचार्ज का भुगतान करना होगा। अभी तक 2.84 फीसदी सरचार्ज वसूला जा रहा था।
शहरी क्षेत्रों में प्रतिमाह 500 यूनिट से ज्यादा बिजली का इस्तेमाल करने वालों को अब पांच रुपये के बजाय 5.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिल भरना पड़ेगा जबकि 150 यूनिट तक चार रुपये।
151 से 300 यूनिट तक 4.50 रुपये तथा 301 से 500 यूनिट तक पांच रुपये प्रति यूनिट की दर तय की गई है। फिक्स चार्ज में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिना मीटर के बिजली का इस्तेमाल करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को अब 180 रुपये प्रति कनेक्शन के स्थान पर 180 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से बिजली का बिल भरना पड़ेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों को मिल सकती है राहत
आयोग ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं की दरों के खिलाफ दायर पुनर्विचार याचिका पर विचार कर रहा है। इस श्रेणी को कुछ राहत मिल सकती है।
राज्य विद्युत नियामक आयोग ने 1 अक्तूबर को वर्ष 2014-15 के लिए नई बिजली दरों का ऐलान किया था। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से 5 अक्तूबर को नई दरों का सार्वजनिक प्रकाशन कराया गया था।
विद्युत अधिनियम 2003 के प्रावधानों के अनुसार सार्वजनिक प्रकाशन के सात दिन बाद नई दरें लागू हो जाती हैं। इस लिहाज से रविवार से नई दरें प्रभावी हो जाएंगी।
वृद्घि दर में हुआ इतना इजाफा...
सभी श्रेणियों में कुल औसतन 8.90 % की वृद्धि की गई है जबकि घरेलू बिजली की दरों में औसतन 12 % का इजाफा हुआ है। कॉमर्शियल उपभोक्ताओं की दरों में 6.28 तथा उद्योगों की दरों में 7.38 % की वृद्धि हुई है।
गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले लाइफ लाइन उपभोक्ताओं को 50 यूनिट तक बिजली की खपत पर 20 पैसे प्रति यूनिट कम देना होगा लेकिन 51-150 यूनिट तक के उपभोग पर 25 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से ज्यादा बिल भरना होगा।
रेग्युलेटरी सरचार्ज को जोड़कर घरेलू बिजली दरों में 14.32 % की वृद्धि हुई है जबकि कुल मिलाकर दरों में औसतन 11.28 % का इजाफा हुआ है।