जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सपा भारी, 33 जिलों में जीत तय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में समाजवादी पार्टी का दबदबा है। बुलंदशहर और गाजियाबाद समेत 33 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष का निर्विरोध चुना जाना तय है। शुक्रवार को इन जिलों में केवल एक-एक नामांकन ही हुआ। इनमें कई सपा सरकार के मंत्री व नेताओं के रिश्तेदार हैं।
वहीं, 41 जिले ऐसे हैं जहां दो या दो से अधिक प्रत्याशियों ने नामांकन किए हैं। हालांकि असली तस्वीर 4 जनवरी को नाम वापसी के बाद साफ होगी।
सूबे के 74 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन दाखिल हुए। कुल 143 नामांकन दाखिल हुए हैं। जांच के बाद जालौन व गाजीपुर में एक-एक नामांकन रद्द हो गया। ऐसे में यहां भी अब केवल एक-एक प्रत्याशी ही मैदान में बचे हैं।
सपा मुखिया के कुनबे से दो का अध्यक्ष बनना तय
इटावा से मुलायम सिंह यादव के भतीजे अभिषेक उर्फ अंशुल यादव ने अकेले ही नामांकन किया है। वे मुलायम सिंह के भाई राजपाल सिंह के बेटे हैं। मैनपुरी से भी केवल एक नामांकन हुआ है। यहां पर सांसद धर्मेंद्र यादव की बहन संध्या यादव ने अकेले पर्चा भरा है।
रिश्तेदारों की भी जीत पक्की
पंडित सिंह, कैलाश यादव, राजकिशोर, अरविंद सिंह गोप के रिश्तेदारों की भी गणित पक्की
कृषि मंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह की बहू श्रद्धा सिंह ने गोंडा जिले से अकेले नामांकन किया है। पंचायतीराज मंत्री कैलाश यादव के बेटे वीरेंद्र कुमार ने गाजीपुर से अकेले ही पर्चा दाखिल किया है।
लघु सिंचाई एवं पशुधन मंत्री राज किशोर सिंह के बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह ने बस्ती से तो ग्राम्य विकास मंत्री अरविंद सिंह गोप के भाई अशोक कुमार सिंह ने बाराबंकी से अकेले ही नामांकन किया है। गाजियाबाद से एमएलसी आशु मलिक के भाई नूर हसन का भी निर्विरोध चुना जाना तय है। यहां भी उन्होंने अकेले नामांकन किया है।
इनका भी चुना जाना तय
इसी प्रकार श्रावस्ती में सपा प्रत्याशी साक्षी कैराती, फैजाबाद से सपा उम्मीदवार श्वेता सिंह व बहराइच में सपा उम्मीदवार नदीम मन्ना का भी जिला पंचायत अध्यक्ष पर बिना संघर्ष के चुना जाना तय है।
महाराजगंजग में सबसे ज्यादा पांच प्रत्याशी
महाराजगंज में सबसे ज्यादा पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। मुरादाबाद, बांदा, उन्नाव व चंदौली में चार-चार उम्मीदवार मैदान में डटे हुए हैं। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, पीलीभीत, मथुरा, औरैया, कौशाम्बी, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, रायबरेली, सीतापुर, बलरामपुर, गोरखपुर, वाराणसी व मिर्जापुर जिले में तीन-तीन उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है।
यहां निर्विरोध निर्वाचन तय
जिला--प्रत्याशी
गाजियाबाद--नूर हसन
बुलंदशहर--हरेंद्र
अमरोहा--रेनू चौधरी
संभल--सोनम देवी
बदायूं--मधु चंद्रा
एटा--राजकिशोर
कासगंज--वसु यादव
फीरोजाबाद--विजय प्रताप
मैनपुरी--संध्या
इटावा--अभिषेक उर्फ अंशु यादव
कानपुर नगर--पुष्पा
कानपुर देहात--राम सिंह
जालौन--फरहा नाज
झांसी--प्रतिमा देवी
महोबा--ममता
हमीरपुर--वंदना
इन जिलों में भी निर्विरोध निर्वाचन तय
चित्रकूट--मैनादेवी
हरदोई--मीरा
लखनऊ--माया यादव
लखीमपुर खीरी--बंशीधर राज
बाराबंकी--अशोक कुमार सिंह
फैजाबाद--श्वेता सिंह
बहराइच--नदीम मन्ना
श्रावस्ती--साक्षी कैराती
गोण्डा--श्रद्धा सिंह
बस्ती--देवेन्द्र प्रताप सिंह
सिद्धार्थनगर--गरीब दास
देवरिया--राम प्रवेश
आजमगढ़--मीरा यादव
मऊ--अंशा
बलिया--सुधीर
गाजीपुर--विरेंद्र कुमार
भदोही--काजल