पंचायत चुनाव: सरोजिनीनगर के समता गांव में चुनाव बहिष्कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूबे में तीसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए वोटिंग हो चुकी है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 69 जिलों के 2.65 करोड़ मतदाता जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक लाख से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। 190 ब्लॉक में शाम पांच बजे तक मतदान हुआ।
सरोजिनीनगर में सुबह शांतिपूर्वक वोटिंग शुरू हुई वहीं यहां के समता गांव के लोगों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। जिला प्रशासन से नाराज ग्रामीणों वोट डालने से इंकार कर दिया। प्रशासन ग्रामीणों को वोटिंग के लिए मनाने में जुटा रहा।
बता दें कि जिला पंचायत सदस्य के 715 पदों पर 11753 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं, वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य के 18016 पदों के लिए 95540 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिला पंचायत सदस्य के एक पद पर करीब 16 तो क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक पद पर पांच प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।
चुनाव से पहले राज्य निर्वाचन आयोग ने कई जिलों के एसएसपी, डीएम व ऑब्जर्वर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। संवेदनशील केंद्रों की पूरे समय वीडियोग्राफी की व्यवस्था है।
बदायूं व अमरोहा में मोहर्रम के जुलूस के कारण अतिरिक्त फोर्स
बदायूं व अमरोहा जिलों में शनिवार को मोहर्रम का जुलूस निकलना है। यहां आज मतदान भी होना है। दोनों जिलों के डीएम व एसएसपी ने मोहर्रम के जुलूस के लिए राज्य निर्वाचन आयोग से अतिरिक्त फोर्स मांगी थी। इस पर एडीजी कानून-व्यवस्था दलजीत चौधरी ने एक कंपनी पीएसी बदायूं व दो प्लाटून अतिरिक्त पीएसी अमरोहा भेज दी गई है।
बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात
तीसरे चरण के मतदान के लिए 129 कंपनी पीएसी, 95 हजार पुलिस कर्मी, 91 हजार होमगार्ड, 53 हजार ग्राम चौकीदार, 13 हजार पीवीडी जवान तैनात किए गए हैं।
आठ कंपनी आरएएफ और मिली
केंद्र से यूपी को आठ कंपनी आरएएफ और मिल गई है। ऐसे में सूबे के पास अब केंद्रीय बल की कुल 28 कंपनियां हो गई हैं। हालांकि इनका इस्तेमाल आगामी दिनों में त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा-व्यवस्था में किया जाएगा।
13 जिलों के 25 बूथों पर पुनर्मतदान आज
दूसरे चरण के 13 जिलों के 25 बूथों पर पुनर्मतदान भी शनिवार को होगा। चुनाव में गड़बड़ियों के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने मैनपुरी, इलाहाबाद, आजमगढ़, इटावा, बिजनौर, हमीरपुर, फर्रुखाबाद, अमरोहा, जौनपुर, लखीमपुर, सीतापुर, हाथरस व मिर्जापुर के 25 बूथों पर फिर से मतदान कराने का फैसला किया था।
चुनाव एक नजर
कुल ब्लॉक--190
जिला पंचायत वार्ड--715
क्षेत्र पंचायत वार्ड--18016
कुल मतदान केंद्र--18104
कुल मतदेय स्थल--41408
कुल मतदाता--2.65 करोड़
जिला पंचायत सदस्य के कुल उम्मीदवार--11753
क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल उम्मीदवार--95540