पुलिस पाठशाला: एसपी ने छात्राओं को बताया असुरक्षित होने पर क्या करें, दी ये जानकारियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस पर पब्लिक की सुरक्षा का दायित्व है। आज की स्थितियों में पुलिस अपने कर्तव्यों के प्रति सचेत व तत्पर है। कहीं भी आप अपने को असुरक्षित महसूस करें तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सरकार की ओर से लोगों की मदद के लिए कई एजेंसियां भी गठित की गई हैं। यह बातें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आरआरपीजी कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहीं।
एसपी ने छात्र छात्राओं को पुलिस की वर्दी, उन पर लगे स्टार व अन्य सिंबलों की विस्तार से जानकारी दी। कहा कि आज महिलाएं अबला नहीं सबला हैं। सुखोई, जेट जैसे विमानों को आज की महिलाएं उड़ा रही हैं। उन्होंने छात्राओं से किसी भी असहज स्थिति में महिला हेल्प लाइन नंबर 1090 और महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित महिला हेल्प लाइन 181 की मदद लेने की बात कही। कहा कि इस पर त्वरित सहायता मिलेगी। सूचनाकर्ता का नाम सार्वजनिक नहीं होगा।
उन्होंने डायल 100 की महिला थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस अधिकारियों का नंबर अपने पास रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सूचना देने की बात कही। एसपी ने मौजूद छात्र/छात्राओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी और हेलमेट पहनाने का संकल्प भी दिलाया।
उन्होंने साइबर क्राइम के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि आप किसी को अपना मोबाइल न दें। फोन पर किसी को बैंक संबंधी जानकारी न दें। नहीं तो आपकी गाढ़ी कमाई को पल भर में ठग उड़ा देंगे। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. त्रिवेणी सिंह ने बच्चों को अनुशासित रहने पुलिस का सहयोग करने को कहा।
कार्यक्रम के बाद छात्रों ने कही ये बातें
बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा कोमल तिवारी ने कहा कि महिला सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियमों के बारे में एसपी सर ने उपयोगी जानकारी दी। जानकारी से अपने परिवारीजनों व मित्रों को अवगत कराएंगे। पड़ोसियों को भी जागरूक करने का प्रयास करेंगे।
एमए द्वितीय वर्ष की छात्रा स्नेहा सिंह ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम सराहनीय रहा। कार्यक्रम के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। अब कभी भी मेरे सामने कुछ दिक्कत होगी तो निडर होकर सामना करुंगी।
बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा विभा तिवारी ने कहा कि पुलिस की पाठशाला के माध्यम से उपयोगी जानकारी मिली। महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी पुलिस काम कर रही है। इस जानकारी की मदद से हम अपने आसपास हो रहे महिला उत्पीड़न को रोकने की कोशिश करेंगे।
घर के बाहर उत्पीड़न रोकने की दिशा में ये सार्थक कदम
बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा सुधारानी ने कहा, महिला हेल्पलाइन 1090 और 181 अत्यंत उपयोगी है। छात्राओं एवं महिलाओं के साथ रास्ते व घर के बाहर हो उत्पीड़न को रोकने की दिशा में यह एक सार्थक कदम है। पुलिस भी इस दिशा में काम कर रही है।
एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा साक्षी तिवारी ने कहा, अमर उजाला के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम जानकारी पूर्ण रहा। कार्यक्रम में मिली जानकारी को जीवन में याद रखने के साथ ही लोगों को भी जागरूक करने का प्रयत्न करुंगी।
बीएड बीएड प्रथम वर्ष के छात्र नितिन सिंह ने कहा, एसपी ने महिला सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियमों की जो जानकारी दी उससे हमें बहुत कुछ सीखने को मिला। ट्रैफिक नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी। पुलिस की पाठशाला सराहनीय है।