पुलिस ने कहा, मुलायम ने नहीं दी अमिताभ को धमकी
सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव द्वारा आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर को फोन पर धमकी देने की शिकायत को हजरतगंज पुलिस ने सिरे से नकार दिया है।
पुलिस के अनुसार अमिताभ ठाकुर के मुलायम पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई है, अतः इन आरोपों का कोई मतलब नहीं है।
इंस्पेक्टर हजरतगंज विजयमल सिंह यादव के 17 जुलाई 2015 के पत्र में कहा गया है कि श्री ठाकुर ने 11 जुलाई को 10 जुलाई की शाम 16.43 बजे उनके जवाहर भवन स्थित कार्यालय में उनके फोन पर श्री यादव द्वार धमकी देने की जो शिकायत की थी, उसकी जांच कराई गयी और सम्पूर्ण प्रकरण की जांच से प्रार्थनापत्र में अंकित आरोप की पुष्टि नहीं होती है। अतः प्रार्थनापत्र निस्तारित किया जाता है।
अमिताभ ठाकुर ने कहा सही जांच नहीं हुई
यह पत्र कल 23 जुलाई की शाम हजरतगंज थाने के सिपाही द्वारा अमिताभ ठाकुर की पत्नी डॉ नूतन ठाकुर को उनके घर पर प्राप्त कराया गया।
ठाकुर ने इस जांच पर पूर्ण असहमति व्यक्ति करते हुए कहा कि इसमें आरोपों की पुष्टि नहीं होने का कोई कारण नहीं बताया गया है और सतही तौर पर निष्कर्ष निकाल लिया गया है जो स्पष्टतया दवाब में की कार्यवाही दिखती है। उन्होंने कहा कि अब वे इस मामले में सीजेएम कोर्ट जायेंगे।
ठाकुर ने 11 जुलाई को थाने पर एफआईआर नहीं होने पर 22 जुलाई को एसएसपी लखनऊ को 156(3) सीआरपीसी में आवेदन किया था।