एक करोड़ की अफीम तस्करी के लिए 45 हजार का सौदा, धरा गया
गणतंत्र दिवस पर हाईअलर्ट के दौरान फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान अफीम तस्करी का बड़ा जखीरा पकड़ा गया है। सियालदह एक्सप्रेस की जांच के दौरान रविवार सुबह साढ़े सात बजे जनरल बोगी से भागने के प्रयास में झारखंड के चतरा निवासी युवक वीरेंद्र कुमार गुप्त को दबोचा गया। उसके पास से करीब एक किलो अफीम बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ बताई गई है।
पकड़ा गया युवक हैंडलर का काम करता था, तस्करों ने उसे बरेली तक अफीम पहुंचाने के लिए 45 हजार में सौदा किया था। हैंडलर को पांच हजार रुपये एडवांस में मिल चुका था।
गणतंत्र दिवस पर रविवार की सुबह आरक्षण केंद्र व सरकुलेटिंग में चेकिंग के बाद जीआरपी के प्रभारी थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सिंह, एसआई श्यामदेव चौधरी सिपाहियों नीलेश कुमार, योगेंद्र कुमार, सुधीर पांडेय आदि के साथ साढ़े सात बजे के करीब प्लेटफार्म एक पर खड़ी अप सियालदह-जम्मूतवी की जनरल बोगी में घुसे।
इसी बीच एक युवक बैग लेकर उतरने लगा। तो वहीं उसे पकड़ लिया गया। थाने पर लाकर बैग की तलाशी हुई तो बैग से 9.70 किग्रा. अवैध अफीम बरामद हुई।
आखिरी गलती बताते हुए, छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाता रहा
प्रभारी थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इसकी कीमत एक करोड़ रुपये के करीब है। युवक वीरेंद्र कुमार गुप्त झारखंड प्रदेश के जिला व थाना चतरा के ग्राम चौरे का निवासी है।
चतरा थाने से भी उसका आपराधिक मामले में चालान हुआ है। वह हैंडलर का काम करता था। अफीम एक व्यक्ति को बरेली में देना था।
बरेली के तस्कर का नाम व मोबाइल नंबर बताया
पकड़ा गया वीरेंद्र पूछताछ में जीआरपी को बताया कि यह उसका पहला प्रयास था। उसने माल लेने वाले बरेली के व्यक्ति का नाम व मोबाइल नंबर भी बताया है।
कहा, माल पहुंचाने पर उसे 40 हजार और मिलते। पांच हजार रुपये मिल चुका है। वीरेंद्र पहली और आखिरी गलती मानते हुए छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाता रहा। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट व दूसरी धाराओं में चालान किया है। रेलवे पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की है।
इससे पहले भी पकड़े जा चुके चतरा के युवक
मादक पदार्थों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के मामले में चतरा के दो युवकों को फैजाबाद की जीआरपी इससे पहले भी दबोच चुकी है। उसने चतरा के निवासी इस्माइल शाह को एक किलो अफीम तो भोला यादव को चरस के साथ दबोचा था।