लाखों की ठगी करने पर हत्थे चढ़ी 'लेडी फ्रॉड', गिरफ्तारी होते ही छुड़ाने पहुंची कद्दावर हस्तियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के गाजीपुर थाने की पुलिस ने निवेशकों के लाखों रुपये हड़पने की आरोपी उम्मीद ट्रेडिंग कंपनी की संचालिका को रविवार दोपहर उसके फ्लैट से गिरफ्तार किया। फरार पति व साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी महिला ने सुबह अपने कारिंदों को 32 लाख की ठगी का केस दर्ज कराने वाली बुटीक संचालिका की रेकी करने भेजा था। घेराबंदी पर एक कारिंदा स्कूटी छोड़कर कार सवार साथियों के साथ भाग निकला।
स्कूटी पुलिस को सौंपने के साथ केस दर्ज कराया। इस पर पुलिस ने फ्लैट पर दबिश दी थी। कंपनी संचालिका की गिरफ्तारी की भनक लगते ही कई सफेदपोश नेता व अन्य रसूखदार लोग उसकी पैरवी में थाने जा पहुंचे। ठगी का शिकार बने निवेशकों को एकत्र होते देख उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
इंस्पेक्टर गाजीपुर गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि इंदिरानगर के ए-ब्लॉक निवासी संजना सिंह के आम्रपाली स्थित बुटीक की रेकी व फोटोग्राफी की शिकायत पर पुलिस टीम ने ओमेगा ग्रीन के आठवें तल पर रुकसार अहमद शाह व उसकी पत्नी फिरदौस शाह के फ्लैट पर दबिश दी गई। काफी जद्दोजहद पर फिरदौस ने दरवाजा खोला।
भूतनाथ बाजार में शालीमार एलडी प्लाजा में संचालित उम्मीद ट्रेडिंग कंपनी के मालिक रुकसार व फिरदौस पर अनेक निवेशकों से लाखों की ठगी के गाजीपुर थाने में 10 केस दर्ज हैं। पुलिस टीम ने फिरदौस को गिरफ्तार करने के साथ उसके पति रुकसार, साथी अभयराज, शिवम तिवारी व अन्य कारिंदों के बारे में पूछताछ की और उनकी तलाश शुरू की है।
नेता व कद्दावर लोग छुड़ाने पहुंचे थाने
निवेशकों के लाखों रुपये हड़पने की आरोपी फिरदौस शाह की गिरफ्तारी का पता चलते ही कई सफेदपोश नेता व अन्य कद्दावर लोग गाजीपुर थाने जा पहुंचे। जालसाजी के मुकदमों में गिरफ्तारी को लेकर हाईकोर्ट के स्थगन आदेश का हवाला देते हुए रिहाई का दबाव बनाया। थाने में मौजूद निवेशकों को रोष जताते देख इंस्पेक्टर ने उन्हें बैरंग लौटा दिया।
ये था मामला
बुटीक संचालिका संजना सिंह ने बताया कि बस्तौली निवासी अफरोज के जरिए फिरदौस व रुकसार से परिचय हुआ था। दंपती ने उसे उम्मीद ट्रेडिंग में निवेश करने पर चार महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। इस पर उसने 10 लाख रुपये और अपने भाई के 22 लाख रुपये निवेश कर दिए।
फिरदौस व रुकसार ने संयुक्त हस्ताक्षर से इनवेस्टमेंट डीड तैयार कराने के साथ 32 लाख के चेक दिए। चार महीने बाद वह कंपनी के ऑफिस पहुंची तो दंपती ने उसे पहचानने से इन्कार कर दिया। रकम मांगने पर भड़क उठे।
इनवेस्टमेंट डीड व चेक छीनकर फाड़ने की कोशिश की। कर्मचारी शिवम तिवारी, अभयराज व दो अन्य की मदद से गालीगलौज के साथ अभद्रता की। इस पर उसने एसएसपी से शिकायत की। इस पर 5 अगस्त को गाजीपुर थाने में केस दर्ज हुआ था।
हमले की तैयारी में थे जालसाज
संजना व उसके भाई शनि सिंह ने इंस्पेक्टर गिरजाशंकर त्रिपाठी को बताया कि उम्मीद ट्रेडिंग के संचालक दंपती व उनके कारिंदों ने समझौते का दबाव बनाया। इसके बाद हमले के इरादे से रेकी करा रहे थे। संजना ने रविवार सुबह कार सवार व्यक्तियों को बुटीक की रेकी करते देखा। बाहर आई तो स्कूटी सवार अभयराज उसके बुटीक के फोटो खींच रहा था।
संजना ने शोर मचाने के साथ अपने भाई शनि व आसपास के लोगों की मदद से घेराबंदी की। इस पर अभयराज स्कूटी मौके पर छोड़ कार सवार साथियों संग भाग निकला। संजना व शनि स्कूटी लेकर गाजीपुर थाने पहुंचे और केस दर्ज कराया। रेकी में इस्तेमाल स्कूटी उम्मीद ट्रेडिंग कंपनी की संचालक फिरदौस शाह की थी।
नेटवर्क कंपनी की नौकरी छोड़ लाखों का गोलमाल
उम्मीद ट्रेडिंग कंपनी के संचालक रुकसार अहमद शाह व उसकी पत्नी फिरदौस पर दर्ज मुकदमों की पड़ताल में पुलिस को पता चला कि एक निजी नेटवर्क कंपनी की मामूली नौकरी छोड़कर रुकसार ने अपनी पत्नी की मदद से कंपनी बनाई।
भूतनाथ मार्केट स्थित शालीमार एलडी प्लाजा के भूतल व प्रथमतल पर शानदार ऑफिस खोला और कंपनी में निवेश पर चार महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ठगी शुरू की।