1105 करोड़ रुपये से लखनऊ के पर्यटन को लगेंगे पंख, दो हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नवाबों के शहर में स्वस्थ रहने के लिए ईको मेडिकल टूरिज्म की सुविधा मिलेगी और सेहत बनाने को वेलनेस सेंटर भी उपलब्ध होंगे। एंटरटेनमेंट जोन में मौज-मस्ती का आनंद मिलेगा तो विश्वस्तरीय अत्याधुनिक रिसोर्ट में छुट्टियां बिताने का मौका भी मिलेगा। इन्वेस्टर्स समिट में तहजीब के शहर के पर्यटन विकास को बुलंदियां दिलाने के लिए 1105 करोड़ रुपये से अधिक एमओयू और प्रस्ताव मिले हैं।
विभाग की ओर से प्रदेश के पर्यटन के विकास के लिए 16 फरवरी को पर्यटन नीति 2017 को मंजूरी दी गई है। इसमें सरकार ने पर्यटन के क्षेत्र में निवेश करने पर ईको टूरिज्म, वेलनेस सेंटर, रिसोर्ट, होटल खोलने पर जमीन, जीएसटी, बैंक ऋण, बिजली सहित अन्य मदों में रियायत की घोषणा की है।
समिट में पर्यटन विभाग को करीब 14,803.79 करोड़ रुपये के एमओयू और प्रस्ताव मिले हैं। इससे करीब 32,057 लोगों को रोजगार देने का दावा किया गया है। इसमें से लखनऊ में ईको मेडिकल टूरिज्म, वेलनेस सेंटर, एंटरटेनमेंट जोन, रिसोर्ट और 5 सितारा होटल खोलने के लिए कुल 11 प्रस्ताव मिले हैं। निवेशकों ने राजधानी में 1105 करोड़ निवेश कर दो हजार लोगों को रोजगार देने का दावा किया है।
प्रमुख एमओयू व इससे मिलने वाले रोजगार
1. फार्मनज हरबल प्रा. लिमिटेड ने लखनऊ में 250 करोड़ की लागत से ईको मेडिकल टूरिज्म विकसित करने का एमओयू किया है। इससे 200 लोगों को रोजगार मिलने का दावा किया गया।
2. यूपी होटल्स प्रा. लि. ने 150 करोड़ रुपये निवेश कर लखनऊ में पांच सितारा होटलों के विस्तार और अपग्रेड करने का एमओयू किया है। इससे 200 को रोजगार मिलेगा।
3. एएसएलएस रियल एस्टेट डेवलेपर्स प्रा.लि. ने लखनऊ में एक छत के नीचे मॉल, सिनेमा और होटल बनाने का प्रस्ताव दिया है। इसमें 150 करोड़ की लागत आएगी और 250 लोगों को रोजगार मिलेगा।
4. एसएलके होटल और रिसोर्ट ने लखनऊ में 120 करोड़ की लागत से रिसोर्ट बनाने का प्रस्ताव दिया है। इससे 100 लोगों को रोजगार मिलेगा।
5. एमडी प्रोजेक्टस प्रा. लि. ने लखनऊ में 110 करोड़ की लागत से रिसोर्ट खोलने का प्रस्ताव दिया है। इसमें 80 लोगों को रोजगार मिलेगा।
6. अनाहिता होस्पिटेलिटी लि. ने 75 करोड़ की लागत से लखनऊ में पांच सितारा क्लब हाउस खोलने का एमओयू किया है। इससे 140 लोगों को रोजगार मिलेगा।
7. दीप अवध होटल्स ने स्टेशन रोड पर 50 करोड़ की लागत से पांच सितारा होटल खोलने का एमओयू किया है। इससे 200 लोगों को रोजगार मिलेगा।
8. दीप डिस्टलरिज एंड ब्रेवरीज ने लखनऊ में कानपुर रोड पर 50 करोड़ की लागत से पांत सितारा होटल खोलने का एमओयू किया है। इसमें 200 लोगों को रोजगार मिलेगा।
9. बीहेवी होटल्स प्रा. लि. ने लखनऊ में कानपुर रोड एंटरटेनमेंट जोन खोलने का एमओयू किया है। 25 करोड़ की लागत से बनने वाले जोन से 50 लोगों को रोजगार मिलेगा।
10. लूनार एजुकेयर प्रा. लि. ने लखनऊ में 25 करोड़ की लागत से वेलनेस सेंटर खोलने का प्रस्ताव दिया है। इससे 250 लोगों को रोजगार मिलेगा।
11. कीर्ति ग्रुप ऑफ कंपनीज ने लखनऊ में 100 करोड़ की लागत से होटल खोलने का प्रस्ताव दिया है। इससे 250 लोगों को रोजगार मिलेगा।
मामले पर प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी का कहना है कि राजधानी के साथ पूरे प्रदेश के लिए अच्छी संख्या में पर्यटन विकास के एमओयू साइन हुए हैं। होटल के प्रस्तावों पर तीन महीने में काम शुरू कराने का प्रयास करेंगे। होटल के अतिरिक्त एंटरटेनमेंट, क्लब हाउस, एम्युजमेंट पार्क सहित अन्य प्रस्तावों के लिए योजना बनाकर उन्हें भी छह महीने में पूरा कराया जाएगा।