पीसीएस प्री परीक्षा आज: सभी 75 जिलों के 1331 केंद्रों में होगी परीक्षा, 576154 अभ्यर्थी पंजीकृत
PCS Pre Exam : सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा-2024 रविवार को प्रदेश के 1331 केंद्रों पर होगी। यह पहला मौका होगा कि यह परीक्षा प्रदेश के सभी जिलों में होगी।
विस्तार
सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा-2024 रविवार को प्रदेश के 1331 केंद्रों पर होगी। पहली बार यह सभी 75 जिलों में होने जा रही है। परीक्षा दो सत्रों में सुबह 9:30 से 11:30 बजे व दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक होगी। पहले सत्र में सामान्य अध्ययन व दूसरे सत्र में सीसैट का पेपर होगा।
पीसीएस के 220 पदों पर भर्ती के लिए 576154 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा में पेपर लीक के बाद यूपीपीएससी की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित परीक्षा होने जा रही है। ऐसे में आयोग व प्रशासनिक तंत्र के लिए सबसे बड़ी चुनौती प्रश्न पत्रों की सुरक्षा होगी। इसके लिए तमाम इंतजाम किए गए हैं।
प्रश्न पत्रों को डिजिटल लॉकर वाले बॉक्स में रखकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। इस बार प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक और एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जबकि, इससे पूर्व तीन परीक्षा केंद्रों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई जाती थी। हर परीक्षार्थी की पहचान के लिए आइरिश स्कैनिंग होगी। इसकी पुष्टि के लिए यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र पर होलोग्राम चस्पा किए जाएंगे।
नकल पर एक करोड़ जुर्माना व आजीवन कारावास
अनुचित साधनों का प्रयोग करना, नकल करना या कराना, प्रश्नपत्र का प्रतिरूपण करना या प्रकट करना अथवा प्रकट करने की सजिश करना आदि कृत्य अपराध की श्रेणी में आते हैं। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुसूचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत ऐसे प्रकरणों में एक करोड़ तक का जुर्माना व आजीवन कारावास की सजा, दोनों हो सकती है। यदि नकल सामग्री पकड़ी जाती है तो अभ्यर्थी को परीक्षा विशेष या आगामी परीक्षाओं व चयन से डिबार किया जा सकता है, चाहे सामग्री का प्रयोग नकल के लिए किया गया हो या नहीं।
लखनऊ के 64 केंद्रों पर शामिल होंगे 28 हजार परीक्षार्थी
राजधानी में रविवार को 64 केंद्रों पर पीसीएस प्री की परीक्षा होगी। इसमें 28513 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 09.30 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 02:30 बजे से 04:30 तक होगी। परीक्षा को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों को पांच जोन में बांटा गया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था के मुताबिक जोन का प्रभारी अपर पुलिस उपायुक्त को बनाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिहाज से 64 दरोगा, 128 कांस्टेबल, 128 महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। अपर पुलिस आयुक्त अपने-अपने क्षेत्र का पर्यवेक्षण करेगें।
वहीं, सहायक पुलिस आयुक्त तथा प्रभारी निरीक्षक अपने-अपने थाना क्षेत्र में स्थित परीक्षा केंद्रों पर का निरीक्षण करेंगे। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन व बस स्टेशन पर थाना प्रभारियों को भ्रमणशील रहने के लिए कहा गया है। जेसीपी के मुताबिक सोशल मीडिया एवं अन्य सूत्रों के माध्यम से अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखा जा रहा है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ गोपनीय सामग्री लाने व ले जाने के लिए दो सशस्त्र पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन, आईटी गैजेट्स एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री ले जाना प्रतिबंधित है।
पीसीएस परीक्षा : अतिरिक्त बसों से दी जाएगी राहत
उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग की रविवार को होने वाली पीसीएस परीक्षा के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। बस अड्डों पर सुविधाएं भी बढ़ाई गई हैं। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार शाम कैसरबाग, अवध, चारबाग व आलमबाग बस अड्डों पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया गया। परीक्षार्थियों की भीड़ बढ़ने पर बसें तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। बस अड्डों की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ ही अलाव आदि के इंतजाम कराए गए हैं। सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को जरूरी इंतजाम करने के संबंध में निर्देश दिए गए हैं।