लखनऊ: पंचायत चुनाव में सपा विधायकों के नाते-रिश्तेदार हारे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के चुनाव में कई दिग्गजों को मुंह की खानी पड़ी है। जिले के आठ ब्लॉकों में जिला पंचायत के 31 और बीडीसी के 787 सदस्य पदों पर चुनावी जंग में जहां सपा से जुड़े निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर यादव ने खुद के साथ पत्नी को भी जीत दिला कर सबको चौंकाया, वहीं सीतापुर के बिसवां से सपा विधायक की पुत्रवधू व पूर्व विधायक की पुत्री, महोना से सपा विधायक की भतीजी और सरोजनीनगर से सपा विधायक के भतीजे को हार का मुंह देखना पड़ा। सोमवार दोपहर बाद पूरी हुई मतगणना के बाद सभी विजेता प्रत्याशियों के नामों का एलान हुआ।
भावी जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही चिनहट ब्लॉक की महिला आरक्षित वार्ड 1 की सीट का रिजल्ट सबसे खास रहा। यहां चार प्रभावशाली महिला प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था।
इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर की पत्नी माया देवी, पूर्व विधायक राजेंद्र यादव की पुत्री व बिसवां से सपा विधायक रामपाल यादव की पुत्रवधू अंकिता यादव और दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुकी बिंदु यादव शामिल थीं।
पुत्रवधू को जीत दिलाने के लिए खुद सपा विधायक रामपाल यादव समेत सपा से जुड़े चार विधायकों ने कमान संभाल रखी थी। इसके बावजूद जनता ने बैलेट की ताकत दिखाते हुए अंकिता यादव को हराकर उनके साथ चुनाव प्रचार में जुड़े प्रभावशाली लोगों को भी जमीन दिखा दी।
शुरूआती दौर से बनाई बढ़त, हासिल की जीत
चिनहट के वार्ड 1 में निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर ने खुद चुनाव मैदान में होने के बावजूद पत्नी के चुनाव के लिए ऐसा प्रबंधन किया कि मतगणना के शुरुआती दौर से ही माया देवी ने जो बढ़त बनाई, वह जीत के एलान तक बनी रही।
आश्चर्य तो यह कि कई सपा विधायकों का समर्थन हासिल करने वाली अंकिता यादव यहां सीधे मुकाबले में नहीं टिक पाईं और तीसरे स्थान पर रहीं। इस वार्ड से माया देवी को जीत मिली और उनके पति विजय बहादुर ने गोसाईंगंज में वार्ड 30 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता।
विधायक शारदा प्रताप का भतीजा भी हारा
सरोजनीनगर के वार्ड संख्या 19 से जिला पंचायत सदस्य के लिए सपा विधायक शारदा प्रताप शुक्ला के भतीजे गोविंद शुक्ला को भी करारी हार मिली।
नामांकन के बाद से विधायक ने भतीजे को जीत दिलाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया, लेकिन वे सीधे मुकाबले तक में नहीं आ पाए। जनता ने यहां विधायक के भतीजे को नकारते हुए महेश सिंह को भारी मतों से जीत दिलाई। गोविंद शुक्ला तीसरे स्थान पर रहे।
बीकेटी-मोहनलालगंज में हंगामा, मतगणना बाधित
सोमवार को मोहनलालगंज व बीकेटी ब्लॉक में मतगणना के दौरान हंगामा भी हुआ। मोहनलालगंज में नवजीवन इंटर कॉलेज में सुबह दस बजे मतों की गिनती में लगे कर्मियों ने मानदेय भुगतान की मांग को लेकर हंगामा करते हुए मतगणना रोक दी। इस पर प्रत्याशियों व समर्थकों ने प्रशासन विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों को मतगणना खत्म होने के बाद मानदेय बांटने का भरोसा दिला कर काम शुरू कराया। बीकेटी में वार्ड 4 में गणना पूरी होने के बाद भी परिणाम घोषित न कर सत्ता पक्ष से जुड़े एक प्रत्याशी को जिताने के लिए गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा किया।
अधिकारियों द्वारा शिकायत को अनसुना करने पर सभी 37 प्रत्याशी गणना स्थल के बाहर धरने पर बैठ गए। बाद में मौके पर पहुंचे एसडीएम बीकेटी ने नाराज प्रत्याशियों को समझा-बुझा कर स्थिति संभाली। इस कारण वार्ड 4 के परिणाम की घोषणा देर शाम हो सकी।