{"_id":"679d347bd7bb244307099705","slug":"one-lane-of-khurramnagar-flyover-reopens-after-five-days-the-other-will-open-on-3rd-lucknow-news-c-13-1-lko1103-1058300-2025-02-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: खुर्रमनगर फ्लाईओवर की एक लेन पांच दिन बाद फिर चालू, दूसरी 3 को खुलेगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: खुर्रमनगर फ्लाईओवर की एक लेन पांच दिन बाद फिर चालू, दूसरी 3 को खुलेगी
विज्ञापन
फ्लाईओवर से गुजरते वाहन सवार।
विज्ञापन
लखनऊ। खुर्रमनगर फ्लाईओवर की एक लेन की टेस्टिंग पूरी होने के बाद शुक्रवार सुबह छह बजे से पांच दिन बाद फिर चालू कर दी गई है। इससे कल्याणपुर टेढ़ी पुलिया से सेक्टर-25 मुंशी पुलिया की ओर वाहन चलने लगे। हालांकि, दूसरी लेन की भी टेस्टिंग चल रही, जिसे तीन फरवरी को खोलने की तैयारी है।
इस लेन के खुलने से मुंशी पुलिया से टेढ़ी पुलिया की ओर भी वाहन चल सकेंगे। मगर, जिस लेन को शुक्रवार को चालू किया गया उस पर सिर्फ हल्के वाहन ही सुबह छह से शाम छह बजे तक 12 घंटे ही चल सकेंगे। खुर्रमनगर फ्लाईओवर पर भी रोशनी के लिए बिजली कनेक्शन नहीं मिल सका, जिससे सुरक्षा कारणों के चलते रात को वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
विज्ञापन
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार पिथोड़ियां ने बताया कि दोनों लेन पर बिजली कनेक्शन एक हफ्ते में मिल जाएगा। इससे दिन-रात हल्के और भारी वाहन चल सकेंगे। अयोध्या रोड से सीतापुर जाने वाले वाहन सवारों को जाम से सहूलियत मिलेगी।
विज्ञापन
नहीं फंसेंगे जाम में, बचेगा समय
जानकीपुरम निवासी ट्रैवल का काम करने वाले दिनेश सिंह भदौरिया का कहना कि खुर्रमनगर फ्लाईओवर के अचानक बंद होने से समस्या आ रही थी। अब गाड़ियां फिर से फर्राटा भर सकेंगी। इससे जाम में नहीं फंसेंगे और समय भी बचेगा। कुर्सी रोड के अर्जुन एन्क्लेव निवासी सिद्धार्थ उपाध्याय का कहना है कि विभाग ने जनता की समस्या को समझते हुए इसे जल्द लोगों के लिए खोल दिया है। इसके लिए अफसरों को धन्यवाद देता हूं। अब फिर से जाम में नहीं जूझना पड़ेगा। गायत्रीपुरम निवासी संजय विश्वकर्मा ने कहा, जैसे टेढ़ी पुलिया से मुंशीपुलिया चौराहा जाने वाला फ्लाईओवर जनता के लिए खोला गया। वैसे ही मुंशीपुलिया की ओर से टेढ़ी पुलिया आने वाले फ्लाईओवर की लेन को भी जल्द शुरू करना चाहिए।