दीवार से टकराई कार, महिला की मौत, चार घायल
बीकेटी क्षेत्र में चंद्रिका देवी रोड पर सोमवार रात तेज रफ्तार से जा रही कार अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई। हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चे समेत चार लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, सआदतगंज के चौपटिया निवासी शाहनवाज की पत्नी बबली (25) सोमवार रात अपने परिवार के शहजाद, अंसार व उसके बेटे यूसुफ और माबिया के साथ पर्वतपुर अस्पताल में एक मरीज को भर्ती कराकर लौट रही थी।
रास्ते में चंद्रिका देवी रोड पर रामपुर देवरई के पास तेज रफ्तार के चलते चालक माबिया ने संतुलन खो दिया।
जोरदार टक्कर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
बेकाबू कार चमड़ा सेंटर के पास एक दीवार से जा टकराई। जोरदार टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को निकाला। इस बीच बबली ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ परिवारीजनों को हादसे की सूचना दी। बबली का शव मॉर्च्युरी भेजा और दुर्घटनाग्रस्त कार कब्जे में ले ली है।