अधिकारी की बीवी ने पड़ोसन को मारा चाकू फिर पति को पीटा
राजाजीपुरम बी-ब्लॉक में सचिवालय के समीक्षा अधिकारी शैलेंद्र कुमार की पत्नी प्रीति के सास से हो रहे झगड़े में पड़ोसन का बीचबचाव करना इस कदर नागवार गुजार कि उस पर चाकू से हमला कर दिया।
गनीमत रही कि चाकू हथेली पर लगा। आपा खो चुकी प्रीति ने पड़ोसन को लहूलुहान करने के बाद पति व सास से भी मारपीट की। घटना सोमवार रात की है। मारपीट के बाद प्रीति रात में ही अपने रिश्तेदार के घर चली गई।
एसओ तालकटोरा अशोक यादव ने बताया कि प्रीति सोमवार रात अपनी सास जमुना देवी से झगड़ रही थी। झगड़ा बढ़ने पर सामने के घर में रहने वाली अनीता वर्मा अपने बेटे शुभम को साथ लेकर बीचबचाव करने पहुंच गईं।
इस पर प्रीति उनसे भी झगड़ने लगी। अनीता ने जब इसका विरोध किया तो प्रीति ने सब्जी काटने वाले चाकू से उन पर हमला कर दिया। शुभम किसी तरह अपनी घायल मां को लेकर शैलेंद्र के घर से निकला।
क्यों हुआ झगड़ा पढ़ें यहां...
पुलिस को कॉल की और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। घायल अनीता को अस्पताल भेजा गया। इस बीच प्रीति ने शैलेंद्र व जमुना देवी से मारपीट की और रात में ही अपने रिश्तेदार के घर चली गई। जमुना देवी ने भी उस पर हमले का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।
जमुना देवी ने पुलिस को बताया कि अप्रैल 12 में शैलेंद्र की शादी झांसी की प्रीति से हुई थी। प्रीति की चचेरी बहन की 22 नवंबर को शादी है।
वह शैलेंद्र पर शादी में चलने का दबाव बना रही थी, जबकि शैलेंद्र ने पंचायत चुनाव के चलते छुट्टी मिलना मुश्किल बताकर झांसी जाने से मना किया।
उसने प्रीति के लिए ट्रेन में रिजर्वेशन कराने की बात कही। इससे प्रीति भड़क उठी। उसने शैलेंद्र से हाथापाई शुरू कर दी। जमुना देवी ने समझाने की कोशिश की तो उनसे भिड़ गई। चीखपुकार पर पहुंची अनीता पर हमला किया।