{"_id":"a2e1197a8e71cb6d4b75de5d838f752c","slug":"notice-for-kushwaha-wife-in-nrhm-case","type":"story","status":"publish","title_hn":"कुशवाहा के बाद अब उनकी पत्नी पर शिकंजा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कुशवाहा के बाद अब उनकी पत्नी पर शिकंजा
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
Updated Fri, 18 Apr 2014 11:36 AM IST
विज्ञापन
एनआरएचएम घोटाले में पूर्व मंत्री बाबूसिंह कुशवाहा की आय से अधिक संपत्ति की जांच के दौरान ईडी के चंगुल में फंसी पूर्व मंत्री की पत्नी शिवकन्या कुशवाहा को एक और नोटिस दी जा सकती है।
विज्ञापन
ईडी की यह नोटिस उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू करने से पहले दी जानी है। पूछताछ के लिए शिवकन्या कुशवाहा को बुलाने के लिए यह आखिरी औपचारिक नोटिस होगी।
हालांकि ईडी इससे पहले भी शिवकन्या कुशवाहा को दो से तीन नोटिस देकर उन्हें पूछताछ के लिए अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत होने को कह चुकी है।
इस पर पूर्व मंत्री की पत्नी ने ऐसा करने से मना कर दिया था। इसके बाद ही ईडी ने उनके खिलाफ विधिक कदम उठाने का फैसला किया।
ईडी के सूत्र बताते हैं कि जांच में सहयोग न करने के आरोप में कुशवाहा की पत्नी के लिए लीगल नोटिस जारी किया गया है।
जिसके जरिये उन पर कार्रवाई की जा सकती है। इससे पहले ईडी अधिकारी शिवकन्या को एक और मौका देना चाहते हैं।
ईडी के सूत्रों की मानें तो ईडी ने शिवकन्या की करोड़ों की संपत्ति, कंपनियां, ट्रस्ट आदि के बारे में जानकारी कर ली है।
ईडी को यह भी पता चल चुका है कि कुछ वर्षों पहले चंद लाख रुपयों की संपत्ति रखने वाली शिवकन्या के पास मौजूदा समय में करोड़ों की चल-अचल संपत्ति है।
इसी संपत्ति के बारे में ईडी उनसे पूछताछ करना चाहती है, लेकिन वह हाजिर होने को तैयार नहीं हैं।
ईडी को अंदेशा है कि समाजवादी पार्टी से लोकसभा चुनाव में गाजीपुर से प्रत्याशी शिवकन्या कुशवाहा के पास जो करोड़ों की चल-अचल संपत्ति है।
वह उनके पति पूर्व मंत्री बाबूसिंह कुशवाहा द्वारा एनआरएचएम के बजट में हुई बंदरबांट से हासिल ऊपरी कमाई का नतीजा है।
ईडी शिवकन्या के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने के साथ ही उनके नाम से दर्ज संपत्ति को सीज भी करने पर विचार कर रही है।