फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   no political discussion in darul uloom

मुस्लिम किलों में चली आंधी, मोदी केजरी या गांधी!

Tue, 15 Apr 2014 02:28 PM IST
मनोज श्रीवास्तव/अमर उजाला, लख्ननऊ
मनोज श्रीवास्तव/अमर उजाला, लख्ननऊ Updated Tue, 15 Apr 2014 02:28 PM IST
विज्ञापन
no political discussion in darul uloom

दारुल उलूम देवबंद ने चुनाव तक अपने परिसर में किसी सियासी शख्सियत के आने पर रोक लगा दी है तो लखनऊ के मशहूर नदवा कॉलेज ने परिसर में किसी तरह की राजनीतिक चर्चा पर ही पाबंदी लगा दी है।

विज्ञापन


पर दोनों ही इदारों के रोशनदान बंद नहीं हुए, सो हवा आती-जाती रहती है। आलिम भले ही खामोश रहें पर कॉलेज के आम छात्र किसी अन्य परिसर के छात्रों की तरह सियासी चर्चाओं में मशगूल हैं।
विज्ञापन


मोदी को लेकर दोनों ही जगह एक सा नजरिया है। अन्य नेताओं में मुलायम और राहुल का भी जिक्र होता है पर छात्रों के बीच केजरीवाल की चर्चा भी कम नहीं है।

दोनों ही इदारों के प्रशासनिक ओहदेदारों का कहना है कि हम अपनी संस्थाओं को किसी तरह के सियासी विवाद से बचाना चाहते हैं। पढ़ाई और दीनी मामलों तक ही अपने को सीमित रखना चाहते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

धोखा होता है इनके साथ

no political discussion in darul uloom

ओहदेदारों ने कहा कि चुनावी मौसम आने पर हर दल के नेता उनके यहां शिष्टाचार मुलाकात के नाम पर आते हैं और फोटो खिंचवाकर वापस चले जाते हैं।

बाहर प्रचारित करते थे कि उन्हें देवबंद या नदवा का समर्थन हासिल हो गया। हम कहां तक इन बातों का खंडन करते। इसलिए राजनीतिक दुरुपयोग से बचने के लिए ऐसा कदम उठाया गया है।

तसवीर नदवा की-आलिम खामोश, स्टूडेंट्स चर्चा में मशगूल परिसर में चहल-पहल रोज की तरह है।

दोपहर का वक्त


नमाज के तुरंत बाद कॉलेज के सेक्रेटरी (नाजिरे आम) हमजा हसनी से मुखातिब होता हूं। पर चुनाव का जिक्र आते ही तौबा कर लेते हैं। बताते हैं, करीब 15 दिन पहले कॉलेज प्रशासन ने चपरासी ले लेकर प्रोफेसर तक पर किसी तरह की सियासी गुफ्तगू पर पाबंदी लगा दी है। लिहाजा चुनाव तक कोई बात नहीं।

केजरीवाल में है ज्यादा दिलचस्पी

no political discussion in darul uloom

यह कहते हुए वो हाथ भी जोड़ लेते हैं और कुर्सी से उठने की कोशिश भी करने लगते हैं। पर परिसर में स्थित उनके घर के बाहर कई छात्र सियासी गुफ्तगू में उलझे दिखाई पड़ते हैं।

करीब जाता हूं तो खामोशी ओढ़ लेते हैं। यह जानकार कि पत्रकार हूं, कुद मुंह फेरकर चले जाते हैं तो कुछ रुक जाते हैं। आलिम की डिग्री लेने वाला भदोही निवासी हम्माम कहता है कि रोज चाय के साथ, अखबार पढ़ते समय सियासी बातचीत भी होती है।

मोदी को लेकर सबका नजरिया कमोबेश एक-सा होता है। पर मुलायम, कांग्रेस और केजरीवाल का भी जिक्र आता है। ज्यादातर छात्र केजरीवाल में दिलचस्पी लेते नजर आते हैं। उनकी साफ-सुथरी छवि व भ्रष्टाचार से लड़ने का जज्बा नौजवानों को झिंझोड़ता है।

पर बगल में खड़े कर्नाटक के मो. आतिफ कहते हैं कि वहां हम जिस तंजीम से जुड़े हैं वह कांग्रेस की हिमायत करती है, लिहाजा हमारा झुकाव भी उसी तरफ है। पर यहां यूपी के छात्रों में मुलायम के साथ केजरीवाल की चर्चा ज्यादा होती है।

राजनीति करते हैं पर बातें नहीं

no political discussion in darul uloom

दिलचस्प तो यह है कि कॉलेज में इन्फॉरमेशन फैकल्टी के डीन मौलाना सलमान नदवी परिसर में सियासत पर बातचीत करने में परहेज बरतते हैं। पर बाहर चुनावी सियासत पर बेहद सक्रिय हैं।

तफ्सील से बात करते हैं। देश के विभिन्न मुस्लिम संगठनों के पॉलिटिकल एडवायजरी बोर्ड का चेयरमैन होने के नाते मुसलमानों को इस बात का मशविरा देते हैं कि वे राज्यवार किस दल को वोट दें।

कहते हैं, नदवा में कॉलेज प्रशासन के नियमों के तहत काम करता हूं पर बाहर मेरी शख्सियत और भी है। देवबंद का हाल-बेजा राजनीतिक इस्तेमाल की चिंता दारुल उलूम देवबंद में नेताओं के आने-जाने और सियासी चर्चाओं पर पाबंदी संभवत: पहली बार लगी है।

संस्था के नायब मोहतमिम (डिप्टी वाइस चांसलर) मौलाना अब्दुल खालिक कहते हैं कि चुनाव के समय नेता सियासी लाभ के लिए यहां आते हैं और बाद में प्रचारित करते हैं कि देवबंद का उनको समर्थन है।

नेता आए पर सियासी चर्चा न करे

no political discussion in darul uloom

दरअसल कोई भी सियासी दल या नेता दारुल उलूम का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों के लिए न करे, इसलिए इस तरह की पाबंदी लगाई गई है।

खालिक कहते हैं कि इसके बावजूद हम नेताओं का आना रोक नहीं सकते। इसलिए यह फैसला किया गया है कि अगर कोई नेता यहां आ भी जाता है तो उससे कोई सियासी चर्चा नहीं करेगा और न ही उसका इस्तकबाल किया जाएगा।

जो संस्थाएं हमको डोनेशन देती हैं, वे भी पसंद नहीं करतीं कि हम किसी तरह के सियासी विवाद में पड़ें। वैसे मुसलमान की ख्वाहिश भी नहीं कि हम उनको चुनाव और वोटिंग के मामले में सलाह दें।

इसके लिए सियासी लोग ही काफी हैं। पर यहीं दौरे हदीस के फाइनल ईयर के छात्र अब्दुल बारी कहते हैं कि हम लोग दुनिया की हलचलों से बेवास्ता तो रह नहीं सकते। हॉस्टल के कमरों से लेकर चाय पीते समय व शाम को टहलते समय आपस में चुनावी चर्चाएं जोर पकड़ती हैं।

टीचर से बचकर चर्चा करते हैं बच्चे

no political discussion in darul uloom

दूसरी तरफ सपा, बसपा और कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी की बातों में भी स्टूडेंट्स कम दिलचस्पी नहीं लेते। एक अन्य छात्र बताता है कि बातें तो होती हैं पर अपने टीचरों व मौलाना लोगों की नजरें बचाकर।

दारुल उलूम से सटे मदरसा जामिया तुश्शैख में अरबी के टीचर ताबिश कासमी कहते हैं कि कैम्पस में तो हम लोग सियासी चर्चाओं से परहेज बरतते हैं, पर बाहर आकर ऐसा नहीं हो पाता।

मोदी के कारण मुसलमानों में चुनाव को लेकर इस बार कुछ ज्यादा ही फिक्र है। पर आश्चर्यजनक तौर पर अरविंद केजरीवाल का नाम मदरसों के टीचरों से लेकर छात्रों के बीच कुछ ज्यादा ही इज्जत से लिया जा रहा है।

मोदी के कारण मुस्लिम चिंतित

no political discussion in darul uloom

दीनी-तालीमी मामलों की दो बड़ी संस्थाओं देवबंद व नदवा ने सियासी मामलों में अपने-अपने कारणों से खामोशी भले ही ओढ़ ली हो पर मुस्लिम मामलों से जुड़ी अन्य तमाम संस्थाएं मोदी के कारण इस चुनाव को कुछ ज्यादा ही अहम मान रही हैं। खुलकर तो ज्यादा कुछ नहीं बोल रही हैं पर अपने मुरीदों को वोटिंग को लेकर हिदायतें भी दे रहे हैं।

नरेंद्र मोदी जबसे राष्ट्रीय परिदृश्य पर उभरे, मुसलमानों की चिंताएं हर बार की तुलना में ज्यादा बढ़ी हैं। ज्यादातर लोगों की चिंता इस बात को लेकर है कि एक पार्टी ऐसी है जो मुसलमानों को नजरअंदाज कर चुनावी मैदान में उतरी है।

न मुस्लिम हितों की बात करती है न एक भी मुसलमान को टिकट दिया। जामिया नूरिया रजबिया के संस्‍थापक मौलाना मो. मन्नान रजा खां मन्नानी का कहना है कि ऐसी चिंताओं और उथलपुथल के बीच मुसलमानों से बस यही कहना चाहूंगा कि ऐसे शख्स को वोट दें जो इंसाफपरस्त और सेक्युलर मिजाज हो।

संदेश पहुंचाने का तरीका-अपनी बात मुरीदों व समर्थकों तक पहुंचाने के लिए पहले तो हम मीडिया का सहारा लेते हैं।

डराया जा रहा है हमें

no political discussion in darul uloom

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना कल्बे सादिक का कहना है कि इस चुनाव में मुसलमानों को कुछ बेजा तौर पर डराया जा रहा है। पर डरने की कोई वजह नहीं हैं।

वैसे भी मुसलमानों में तालीम कम है, इसलिए उनको जिस तरफ भी मुल्ला-मौलाना हांक देते हैं, वो वोट कर आते हैं।

इससे मुसलमानों का भला नहीं होता। मेरी मुसलमानों को मशविरा बस इतना है कि वे उस उम्मीदवार को वोट दें जो देशभक्त हो, सांप्रदायिक और भ्रष्टाचारी न हो। इस बात का खयाल न करें कि वह हिंदू है कि मुसलमान। पार्टी को लेकर भी कोई पूर्वाग्रह न पालें।

फिरकापरस्त को वोट न दें

no political discussion in darul uloom

मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली का कहना है कि प्रत्याशी के बजाय पार्टी पर ज्यादा गौर करें। पर मुसलमानों से अपील है कि वे उस पार्टी को प्राथमिकता दें, जिसने पिछले सालों में मुसलमानों के लिए तालीम और रोजगार की दिशा में कुछ कारगर कदम उठाए हों।

इस दिशा में पार्टी के भविष्य के इरादों को भी परखिए। हां, प्रत्याशी ऐसा होना चाहिए, जिसका दामन दागदार न हो और न ही फिरकापरस्त मिजाज का हो।

अगर कोई सिटिंग एमपी प्रत्याशी है तो यह भी देखिए कि उसके पिछले पांच साल कैसे रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed