प्रॉपर्टी खरीदने वाले हैं, तो आपके लिए है जरूरी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में संपत्ति खरीदना-बेचना सोमवार से महंगा हो जाएगा। दर निर्धारण कमेटी की शनिवार को हुई बैठक में नए सर्किल रेट के मसौदे पर मुहर लग गई है। नई अनुमोदित दरों को शासन की संस्तुति के बाद सोमवार से लागू कर दिया जाएगा।
इसके लागू होने के बाद राजधानी में प्रॉपर्टी के दाम 10 से 15 फीसदी तक बढ़ जाएंगे। वहीं कृषि क्षेत्र की जमीनों की कीमत15 से 25 प्रतिशत बढ़ जाएगी। सर्किल रेट पर आईं दो दर्जन से अधिक आपत्तियों के निस्तारण के बाद शनिवार को डीएम राजशेखर की अध्यक्षता में बैठक हुई।
डीएम ने कुछ मामलों में घोषित प्रस्तावित दरों में दो से तीन फीसदी तक की कमी करते हुए आम लोगों को कुछ हद तक राहत देने की कोशिश भी की है। मुख्य मार्ग से सड़क किनारे संचालित अन्य दुकानों के साथ ही बहुमंजिला इमारतों में चौथे से छठे फ्लोर पर स्थित फ्लैटों की प्रस्तावित दरों में भी कुछ फीसदी तक कमी की गई है।
इसके साथ ही अंतिम तौर से लागू होने वाली नई दरों में गरीबों के बिना आरसीसी मकानों की लागत दर में भी ढाई से तीन हजार रुपया प्रति वर्ग मीटर की कमी का फैसला लिया गया है।
पॉश कालोनियों में दिखेगा ज्यादा असर
जानकारों की मानें तो प्रस्तावित दरों को अंतिम स्वरूप देने के बाद बढ़ी हुई सर्किल रेट दरों का ज्यादा बोझ व असर पॉश कालोनियों व आर्थिक तौर से सबल लोगों पर ही ज्यादा दिखेगा।
नए सर्किल रेट लागू होने से जिले में कृषि भूमि की कीमतों को प्रचलित बाजार दर के समान लाने के लिए इसके दामों में 15 से 25 फीसदी की वृद्धि की गई है।
जबकि आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे से जुड़े होने के कारण सिर्फ काकोरी के राजस्व ग्राम रेवरी कठिगरा, मोहम्मदपुर, नकटौरा और गहलवारा की कीमत में 200 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इन्हीं राजस्व गांवों में एक्सप्रेस वे का निर्माण हो रहा है।
आवासीय फ्लैट को साधारण व प्रीमियम श्रेणियों में बांटा गया है। नगरीय क्षेत्र में साधारण फ्लैट का मूल्यांकन 24 हजार और प्रीमियम फ्लैट की दर 26 हजार प्रति वर्गमीटर के हिसाब से होगा। इसके इतर अर्द्धनगरीय क्षेत्र में क्षेत्रफल का मूल्यांकन 20 व 22 हजार प्रति वर्ग मीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में साधारण फ्लैट की मूल्यांकन दर 18 हजार और प्रीमियम फ्लैट की दर 20 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है।
सर्वाधिक वृद्धि गोमती नगर विस्तार में
नए सर्किल रेट में जिले की आवासीय (गैर कृषि) भूमि की वर्तमान दरों में औसतन 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि लागू हुई है। इसमें सर्वाधिक 17 प्रतिशत तक की वृद्धि गोमती नगर विस्तार के नव विकसित आवासीय इलाकों की जमीनों व भू संपत्तियों की कीमत में हुई है।
ग्रामीण इलाकों में सबसे अधिक वृद्धि मोहनलालगंज की जमीनों की दर में हुई है। इसके इतर व्यावसायिक संपत्तियों की दर में एक समान दस फीसदी तक ही बढ़ोतरी लागू करते हुए खरीदारों को कुछ राहत देने की कोशिश भी निर्धारण कमेटी के स्तर से हुई है।
जिलाधिकारी राजशेखर बताते हैं कि नए डीएम सर्किल रेट का निर्धारण करने में अमीर, गरीब व मध्यमवर्गीय सभी वर्ग के लोगों के हितों को ध्यान में रखने की पूरी कोशिश की गई है।
सर्किल रेट को बाजार मूल्य के समकक्ष बनाने के लिए भू उपयोग, उसकी उपयोगिता व व्यावसायिक व आवासीय गतिविधियों को आधार पर बना कर प्रस्तावित दरों पर आई आपत्तियों को निस्तारित कराया गया है। शासन की संस्तुति के आधार पर सर्किल रेट की नई दरों को जिले में 15 दिसंबर से प्रभावी तौर से लागू किया जाएगा।