नरसिंह डोपिंग केस: अखिलेश ने बढ़ाया हौसला, केंद्र से करेंगे सीबीआई जांच की मांग
सीएम ने नरसिंह को आश्वासन दिया कि सरकार केंद्र सरकार से अनुरोध करेगी कि उनके साथ घटी घटना के मामले में सीबीआई जांच कराई जाए। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि वह चाहते हैं कि इस प्रकरण की गहराई से छानबीन हो ताकि दोषी सामने आ सके और उसके विरुद्ध कार्रवाई हो सके।
उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच होने से भविष्य में और किसी खिलाड़ी के साथ ऐसी घटना होने के संभावना घटेगी।
ये था पूरा मामला
रियो ओलंपिक में भारत ने नरसिंह यादव से कुश्ती में मेडल लाने उम्मीद लगा रखी थी लेकिन डोपिंग के केस में उन पर चार साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था।
नरसिंह यादव के बाउट के ठीक 12 घंटे पहले ब्राजील के कोर्ट ऑफ आर्बिटेशन फॉर स्पोर्ट्स ने ये फैसला सुनाया था जिससे नरसिंह बेहद निराश हुए थे। उन्होंने कहा था कि देश के लिए मेडल लाने के उनके सपने को छीन लिया गया है।
नरसिंह को नाडा (नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी) ने क्लीन चिट दे दी थी जिसके खिलाफ वाडा (वर्ल्ड एंटी डोपिंग एंजेसी) ने सीएएस में अपील दायर की थी। सीएएस में चार घंटे बहस के बाद नरसिंह यादव पर चार साल का बैन लगा दिया गया था।
नरसिंह यादव का कहना था कि वह साजिश का शिकार हुए हैं और उनके खाने-पीने में मिलावट की गई है। हालांकि कोर्ट ने ये कहते हुए उनकी दलील खारिज कर दी थी कि इतनी सिक्योरिटी के बीच मिलावट की संभावना नहीं है।
नरसिंह के पास कोई सुबूत न होने पर वह अपनी बात साबित नहीं कर सके थे। नरसिंह ने कहा था कि कोर्ट के फैसले से मैं टूट गया हूं, बस इतना कहना काफी नहीं होगा।