पीएम मोदी बोले, अब एक परिवार के नाम से नहीं एके 203 के नाम से जाना जाएगा अमेठी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के गढ़ अमेठी में कांग्रेस, राहुल गांधी व गांधी परिवार का नाम लिए बिना जिले के पिछड़ेपन के लिए उन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जनता से 'जय रामजी की' कहकर अपने भाषण की शुरुआत की। कहा कि अमेठी पूरे देश के लिए 'सबका साथ सबका विकास' का एक उदाहरण है। हमने अमेठी के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी।
गौरीगंज के कौहार में आयोजित जनसभा में पीएम मोदी ने कहा, 2014 के चुनाव में हमारी उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने यहां से चुनाव लड़ा था। उन्हें जीत हासिल नहीं हुई लेकिन उन्होंने जीते हुए नेता से ज्यादा काम अमेठी में करके दिखाया। अब अमेठी के कोरवा में विश्व की अत्याधुनिक राइफलें एके 203 बनेंगी। जो कि विदेशों में भी निर्यात की जाएंगी। अब अमेठी की पहचान किसी नेता या परिवार के नाम से नहीं बल्कि यहां के कारखाने से होगी।
मोदी ने कहा कि जो काम आठ-नौ साल पहले हो जाना चाहिए था वह अब हो रहा है। यहां के सांसद (राहुल गांधी) ने अमेठी के युवाओं को रोजगार भी नहीं दिया। जब वह आपकी बात नहीं सुनते तो आप उनकी बात क्यों सुनते हैं...?
मोदी ने कहा कि कुछ लोगों में गरीबों के लिए कोई संवेदना नहीं है। वह सिर्फ पीढ़ी दर पीढ़ी सत्ता में बने रहना चाहते हैं। ऐसा ही इन लोगों ने किसानों के साथ किया और जब किसानों ने अपना हक मांगा उन्हें कर्जमाफी देकर भ्रम फैलाया है, जिसका फायदा किसानों को नहीं मिल पा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि इन (कांग्रेस) लोगों ने देश की सुरक्षा की परवाह नहीं की। इन लोगों ने ही सेना के जवानों के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट नहीं खरीदे। इन लोगों ने ही तोप के लिए सेना को इंतजार करवाया और अब राफेल विमान का सौदा न हो इसके लिए झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। राफेल विमान से देश की सेना की ताकत बढ़ेगी, लेकिन कमीशन न मिल पाने से नाराज कांगेस के लोग ये सौदा नहीं होने देना चाहते।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले, मोदी है तो मुमकिन है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कहा कि एक वक्त था जब देश पर आतंकी हमले होते थे तो देश का नेतृत्व कमजोर नजर आता था पर अब पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है ये सब मुमकिन हो पाया है तो सिर्फ इसलिए कि देश का नेतृत्व नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है तो इसका श्रेय नरेंद्र मोदी को जाता है। यूपी में पिछली सरकारों ने प्रदेश के विकास के लिए कुछ नहीं किया लेकिन अब यूपी की दशा और दिशा बदल चुकी है।
'15 साल तक उनके घर में घी के दिए जलते रहे और अमेठी के घर के घर तबाह होते रहे'
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने भाषण में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह अमेठी का दुर्भाग्य ही है कि एक ऐसे सांसद 15 साल से जिनके घर में घी के दिए जलते हैं लेकिन अमेठी का बच्चा-बच्चा जानता है कि जैसे ही गर्मी का मौसम आता है अमेठी में घर के घर तबाह हो जाते हैं।
स्मृति ईरानी ने कहा कि यह नामदार नहीं, कामदार की सरकार है। हम विद्वेष से नहीं, विकास का संकल्प लेकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम को अपशब्द बोलने वाले अमेठी के सांसद ने पांच वर्ष में संसद में अमेठी के लिए एक भी शब्द नहीं बोला। स्मृति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जब से प्रदेश में उनकी सरकार बनी है, हर पल वे अमेठी के लिए पूरा सहयोग कर रहे हैं।
सेना के जवानों के हाथों में होंगी असॉल्ट राइफलें : सीतारमण
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरवा में पिछले कई वर्षों से आयुध निर्माणी की यूनिट खाली पड़ी थी। कोई काम नहीं हो रहा था। अब पीएम मोदी के प्रयास से रूस सरकार से हुए समझौते के बाद अब अमेठी के कोरवा में दुनिया की सबसे फेमस राइफल एके 203 बनेगी।
उन्होंने कहा कि कोरवा की यूनिट में साढ़े सात लाख राइफलें बननी हैं। सेना के सभी जवानों के हाथ में जब असॉल्ट राइफल होगी तो अमेठी की चर्चा जरूर होगी। तीन वर्ष में इसके 100 फीसदी पुर्जे भारत में ही तैयार होने लगेंगे। इससे अमेठी में लघु उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.