ई-लर्निंग से समाजवाद का पाठ पढाएंगे अखिलेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बजट में ई-लाइब्रेरी पर जोर देने वाले मुख्यमंत्री अखिलेश ने अब ई-लर्निंग द्वारा लोगों को समाजवाद का पाठ पढ़ाने का निर्णय लिया है।
जी हां, मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा कि सोशलिज्म को ई-लर्निंग के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कैसे पहुंचाया जाए, इस पर ध्यान देने की जरूरत है।
लैपटॉप योजना को समाप्त करके ई-बुक्स और ई-लाइब्रेरी को बढ़ावा देने के पीछे एक सोच यह भी है।
अखिलेश ने ऐलान किया कि राजधानी में समाजवादी नेताओं का एक बड़ा संग्रहालय बनाया जाएगा जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर समेत सभी समाजवादियों से जुड़ी जानकारियां सहेजी जाएंगी।
भारत में इमोशनल डेमोक्रेसी
अखिलेश ने कहा, भारत जैसी इमोशनल डेमोक्रेसी (भावनात्मक लोकतंत्र) पूरी दुनिया में नहीं है। मौजूदा समय में महंगाई, आर्थिक संकट, विदेश नीति, जातियों में भेदभाव जैसी चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए चंद्रशेखर जैसे नेताओं के सिद्धांत और सोच को लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है।
मंगलवार को विधानभवन में चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर चंद्रशेखर स्मारक ट्रस्ट की ओर से आयोजित समारोह में डॉ. जयशंकर शुक्ल द्वारा लिखी पुस्तक ‘जननायक चंद्रशेखर’ का विमोचन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, कई बार लखनऊ में चंद्रशेखर की प्रतिमा लगाने की मांग उठाई गई।
अखिलेश का कहना है कि वह चाहते हैं कि एक ऐसी जगह हो जहां सभी समाजवादियों के बारे में जानकारी मौजूद हो।
इसलिए राजधानी में ऐसा संग्रहालय बनाया जाएगा जहां चंद्रशेखर समेत अन्य समाजवादी नेताओं के भाषणों और उनसे संबंधित ऑडियो-वीडियो का संकलन रहेगा।
ऐसे मजबूत होगा समाजवाद
मुख्यमंत्री ने लोहिया पार्क का जिक्र करते हुए कहा कि लोहिया से बड़ा पार्क छोटे लोहिया (जनेश्वर मिश्र) के नाम पर बन रहा है।
चंद्रशेखर को बेबाक नेता बताते हुए अखिलेश ने कहा कि वह तार्किक ढंग से अपनी बात रखते थे। उनके सिद्धांतों पर चलकर ही समाजवाद को मजबूत किया जा सकता है। देश को आज समाजवाद की जरूरत है।
चंद्रशेखर की सोच, विचारधारा और सिद्धांतों को लेकर आगे बढ़ना होगा।
विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि समाजवादी विचारधारा से ही देश को ठीक किया जा सकता है।
देश में सिर्फ मुलायम ही समाजवादी नेता
बेसिक शिक्षा मंत्री राम गोविंद चौधरी ने कहा कि चंद्रशेखर के बाद अब मुलायम सिंह यादव ही समाजवादी नेता रह गए हैं। अगर वह आगे आकर युवाओं का आह्वान करें तो बदलाव आ सकता है।
विकास प्राधिकरण के पैसे से बन रहा पार्क
जनेश्वर मिश्र के नाम पर राजधानी में बन रहे बड़े पार्क का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, विधानसभा अध्यक्ष ने उनसे कहा कि इसके बजाय पैसा गरीबों पर खर्च होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्क सरकार के पैसे से नहीं बल्कि विकास प्राधिकरण के पैसे से बन रहा है। सपा नेता के नाम पर इतना बड़ा पार्क पूरे देश में कहीं नहीं है।