लखनऊ: मुनव्वर राना ने बेटे की गिरफ्तारी को बताया गलत, कहा- मेरे बयानों को लेकर निकाली खुन्नस
मुनव्वर ने कहा कि तबरेज पर दर्ज केस में जो धाराएं हैं, उनमें गिरफ्तारी का प्रावधान नहीं है और विवेचना भी कोर्ट की अनुमति के बाद होती है। इसके बावजूद पुलिस घर से उसे उठा ले गई।
विस्तार
शायर मुनव्वर राना ने बेटे तबरेज की गिरफ्तारी को लेकर शासन-प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। कहा, बीते दिनों तालिबान को लेकर उनके बयानों को मीडिया ने तोड़-मरोड़कर पेश किया। इसे लेकर ही शासन-प्रशासन अब खुन्नस निकाल रहा है।
मुनव्वर ने कहा कि तबरेज पर दर्ज केस में जो धाराएं हैं, उनमें गिरफ्तारी का प्रावधान नहीं है और विवेचना भी कोर्ट की अनुमति के बाद होती है। इसके बावजूद पुलिस घर से उसे उठा ले गई। मुनव्वर राना ने कहा कि रायबरेली पुलिस का रवैया कानून व संविधान से ऊपर है और न्यायपालिका का अपमान है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में न्यायपालिका ने तबरेज को राहत दी है। केस में लगाई आईपीसी की धारा 307 को हाईकोर्ट ने निरस्त किया है, इसके बावजूद पुलिस ने बदला लेने वाली कार्रवाई की है।
खुद पर हमले की साजिश रचने वाला मशहूर शायर मुनव्वर राना का बेटा बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने लखनऊ स्थित आवास से तबरेज राना को दबोच लिया। कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद भी उसने अदालत में सरेंडर नहीं किया था। इस मामले में शूटर व साजिशकर्ता समेत चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
शायर मुनव्वर राना के बेटे तबरेज राना ने 28 जून को सदर कोतवाली में तहरीर देकर लखनऊ मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास जानलेवा हमले का मुकदमा अपने चाचाओं के खिलाफ दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने साजिशकर्ता नयापुरवा निराला नगर निवासी हलीम और सुल्तान अली के अलावा शूटर व भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे हंसा मजरे बेलाभेला निवासी सत्येंद्र त्रिपाठी व उत्तरपारा निवासी शुभम सरकार को भी गिरफ्तार करके जेल भेजा था।
खुद पर हमले की साजिश रच चाचाओं को फंसा दिया था
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ था कि जमीनी विवाद में चाचाओं को फर्जी मामले में फंसाने के लिए तबरेज ने खुद पर हमले की साजिश रची थी। उस समय तबरेज की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। उसकी धरपकड़ के लिए पुलिस प्रयास कर रही थी।
बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि तबरेज लखनऊ के हुसैनगंज के लालकुआं स्थित एफआई टॉवर ढींगरा अपार्टमेंट में मौजूद है। अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में सदर कोतवाल अतुल सिंह, एसओजी टीम प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी की अगुवाई में टीम ने लखनऊ स्थित आवास पर छापा मारकर तबरेज को गिरफ्तार कर लिया।