सपा में 'दंगल', अखिलेश और रामगोपाल 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने बड़ा फैसला करते हुए अनुशासनहीनता के आरोप में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया।
मुलायम ने शुक्रवार को लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी। इसके पहले उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश के खिलाफ बिना जानकारी दिए अपने प्रत्याशी घोषित करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया।
पत्रकारों से बातचीत में मुलायम ने कहा कि रामगोपाल, अखिलेश का भविष्य खराब कर रहे हैं लेकिन अखिलेश ये बात समझ नहीं रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी रामगोपाल को पार्टी से निकाला था लेकिन माफी मांगने के कारण फिर से उन्हें पार्टी में शामिल किया गया। उन्होंने पार्टी के लिए कोई योगदान नहीं किया और आज विवाद पैदा कर रहे हैं। मुलायम सख्त लहजे में कहा कि मेरे लिए पार्टी पहले है, परिवार बाद में।
अखिलेश ने जारी की थी प्रत्याशियों की समानान्तर लिस्ट
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार रात 235 उम्मीदवारों की समानान्तर लिस्ट जारी की थी।
हालांकि, इसके कुछ ही देर बाद सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भी 68 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की थी। मुलायम बुधवार को ही चुनाव के लिए 325 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर चुके थे।
शुक्रवार को दिन भर मुलायम व अखिलेश के आवास पर बैठकों का दौर चलता रहा। मुलायम से मिलने के लिए उनके पुराने साथी व राज्यसभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा उनके घर गए। शिवपाल भी मुलायम के आवास पर मौजूद रहे।
वहीं, मुख्यमंत्री अखिलेश ने रामगोपाल यादव व पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बैठक की। अखिलेश के आवास पर देर रात तक उनके समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा।