पांच साल की बच्ची का स्कूल में सात महीने तक यौन उत्पीड़न, निजी अंगों में हुआ संक्रमण
लखनऊ में पीजीआई की वृंदावन कॉलोनी स्थित एलन हाउस स्कूल में पांच साल की बच्ची से घिनौनी हरकतें करने का शर्मनाक मामला सामने आया है। प्री क्लासेस में पढ़ने वाली मासूम छात्रा की मां डॉक्टर हैं जबकि पिता सरकारी अधिकारी हैं।
उनका आरोप है कि स्कूल के चार कर्मचारी करीब सात महीने से बच्ची का यौन उत्पीड़न कर रहे थे। रविवार को बातों-बातों में ही बच्ची ने मां से स्कूल में गलत हरकतें होने की बात कही तो उनके होश उड़ गए।
सोमवार को वह स्कूल पहुंची और हंगामा मचाया। उन्होंने पीजीआई थाना में तहरीर दी जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर जैनुद्दीन अंसारी का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बृहस्पतिवार को पुलिस स्कूल जाकर पड़ताल करेगी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि सुपर हाउस ग्रुप का एलन हाउस स्कूल वृंदावन में स्थित है। कॉलोनी में ही रहने वाली पांच वर्षीय प्री की छात्रा के परिवारीजन मंगलवार शाम थाने पहुंचे और एकेडमिक विभाग के चार कर्मचारियों पर मासूम बच्ची से यौन शोषण का आरोप लगाकर हड़कंप मचा दिया।
डर से बच्ची ने किया बोलना बंद
परिवारीजनों का कहना था चारों कर्मचारी अक्तूबर 2016 से उनकी बच्ची के साथ गलत हरकतें कर रहे थे। कर्मचारियों ने बच्ची को इतना डरा-धमका रखा था कि उसने बोलना तक बंद कर दिया था।
इस घिनौनी हरकत की जानकारी मिलते ही सोमवार को अभिभावक स्कूल पहुंचे जहां उनका स्टाफ व प्रिंसिपल से झगड़ा हुआ।
लोक-लाज और बच्ची की मानसिक स्थिति के बारे में सोचकर अभिभावक पहले पुलिस से शिकायत करने से बच रहे थे लेकिन आपस में सोच-विचार के बाद बुधवार शाम वह थाना पहुंचे और स्कूल के अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
बच्ची के निजी अंगों में हो गया था संक्रमण
हालांकि, लगातार उपचार के बावजूद समस्या कम होने के बजाए बढ़ती रही। रविवार को बच्ची की मां ने उससे पुचकारकर पूछा तब असली कहानी सामने आई। बच्ची ने गंदी हरकतों के बारे में बताया तो परिवारीजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
बच्ची के साथ गलत हरकतों की जानकारी के बावजूद सोमवार को परिवारीजनों ने उसे स्कूल भेजा। दोपहर करीब सवा दो बजे छुट्टी होते ही बच्ची की मां स्कूल पहुंच गईं। वह बच्ची को साथ लेकर स्कूल में घूमने लगीं।
उनका इरादा बच्ची से गंदी हरकतें करने वाले कर्मचारियों की पहचान करना था। हालांकि, स्कूल में उन्हें घूमते देख स्टाफ के लोगों ने विरोध किया। इसी बीच बच्ची उन्हें एक कमरे में ले गई।
बच्ची ने मां को दिखाया कमरा
उधर, स्टाफ के लोगों से जानकारी पाकर प्रिंसिपल मौके पर आ गईं। उन्होंने स्कूल में घूमने की वजह पूछी तो महिला फट पड़ीं। उन्होंने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए जिस पर प्रिंसिपल से झगड़ा शुरू हो गया।
बच्ची की मां जब उसे लेकर स्कूल में घूम रही थी, तभी एक कर्मचारी वहां से गुजरा। बच्ची उसे देखकर सहम गई। मां ने बेटी को टोका तो उसने कर्मचारी की तरफ इशारा किया।
स्कूल ने दिया ये जवाब
यह आरोप स्कूल को बदनाम करने की साजिश है। अगर इस तरह का कुछ भी है तो हमारी जानकारी में लाना चाहिए। स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। ऐसा कुछ भी होता तो कैमरे में रिकॉर्डिंग होती। यह आरोप पूरी तरह से गलत है।
कविता विज
प्रिंसिपल, एनल हाउस पब्लिक स्कूल