बड़ी खुशखबरीः उंगली पर हाजिर होगा टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेलवे का टिकट बुक करने के लिए अब भटकने की जरूरत नहीं है। आपके पास एंड्रायड ऑपरेटिंग सिस्टम वाले सस्ते या महंगे मोबाइल हैं तो आप चलते-फिरते कहीं से भी ट्रेन का टिकट बुक करा सकते हैं।
इसके लिए जरूरी ऑनलाइन रिजर्वेशन प्रणाली को आप आईआरसीटीसी वेबसाइट से डाउनलोड भी कर सकते हैं। आईआरसीटीसी कनेक्ट नाम वाले इस एप्लीकेशन को गूगल प्ले स्टोर से भी डाउनलोड कर सकते हैं।
इसकी मदद से आप पसंदीदा ट्रेन, बर्थ जैसी सूचनाएं प्राप्त कर सकेंगे। नए एप के जरिए आईआरसीटीसी ने रिजर्व टिकट के लिए एक नया विकल्प भी उपलब्ध कराया है।
आईआरसीटीसी रेलवे काउंटरों की कतार लगातार कम करने में जुटा हुआ है। ई-टिकटिंग प्रणाली के जरिए पहले ही काउंटरों की भीड़ आधी हो चुकी है। ई-टिकट के लिए लोगों को अधिकृत एजेंट से संपर्क करना पड़ता है लेकिन नया एप इस मजबूरी को भी खत्म करने में मददगार साबित हो सकता है।
चुटकी में मिलेगी ट्रेनों की डिटेल
आईआरसीटीसी का दावा है कि अब रेल टिकट आपकी उंगली पर हाजिर है। इस पर ट्रेनों को सर्च कर टिकट बुक कर सकते हैं। निरस्त टिकटों के डिटेल भी ले सकते हैं।
नए यूजर की पैसेंजर रिकार्ड, यात्रा एलर्ट जैसी सुविधाएं हैं। सुबह आठ से दोपहर 12 बजे के बीच लॉगिन, टिकटों के निरस्तीकरण, पीएनआर स्टेट्स, बुकिंग इतिहास जानने की छूट है। अफसर बताते हैं कि जल्द ही विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम वाले मोबाइल के लिए भी यह एप लांच होगा।
किराया भुगतान का तरीका यानी पेमेंट मोड पुरानी व्यवस्था जैसा ही है। उधर, एप के यूजर अमित पुरी का कहना है कि नए एप से टिकट बुकिंग में दिक्कतें आ रही हैं। यूजर्स इस एप के जरिए तत्काल टिकटों की बुकिंग की भी मांग कर रहे हैं।
आईआरसीटीसी के पीआरओ दत्ता के मुताबिक यूजरनेम और पासवर्ड को लेकर आई समस्याओं को भी सुलझा लिया गया है। अब तक तकरीबन चालीस हजार पांच सौ से ज्यादा लोग इस एप को डाउनलोड कर चुके हैं।