फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   mla rajesh kumar mishra ask for fortuner car in special session of assembly

विधायक ने फार्च्यूनर, 250 नल और पांच करोड़ की सड़कें मांगी, अध्यक्ष बोले- शाही से मिल लो...

Fri, 04 Oct 2019 03:49 PM IST
Trainee Trainee न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Published by: Trainee Trainee Updated Fri, 04 Oct 2019 03:49 PM IST
विज्ञापन
mla rajesh kumar mishra ask for fortuner car in special session of assembly
विधायक राजेश कुमार मिश्र - फोटो : facebook
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर हुए विधानमंडल के विशेष सत्र में सदस्यों ने गुरुवार को विधानसभा में सतत विकास लक्ष्य पर चर्चा में बापू, मोदी और योगी के गुणगान के साथ क्षेत्र की समस्याएं गिनाईं और समाधान भी सुझाए। सदस्यों ने अपने लिए भी झोली फैलाई। सबसे ज्यादा सदस्य तब खुश नजर आए जब विधायक राजेश कुमार मिश्र ने किसानों की भलाई के लिए फ्री बिजली की मांग से माहौल बनाया और अगले ही क्षण विधायकों के लिए एक-एक फार्च्यूनर की मांग उठा दी।
विज्ञापन


राजेश ने कहा कि क्षेत्रीय जनता का रात में दो बजे भी फोन आता है तो विधायक जाता है। अफसरों को गाड़ी दी जाती है, लेकिन बड़ी घटना न हो तो वे भी नहीं जाते। ऐसे में जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी विधायकों को एक-एक गाड़ी दी जाए। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि वे इसके लिए सरकार को निर्देश दें।
विज्ञापन


हंसी और मेजों की थाप के बीच अध्यक्ष ने पूछा आप चाहते क्या हैं? सदस्यों ने मेजे थपथपाकर राजेश के सुर में सुर मिलाया तो राजेश ने कहा कि फार्च्यूनर न मिले तो इनोवा ही मिल जाए। अध्यक्ष ने कहा कि, शाही जी (सूर्य प्रताप शाही कृषि मंत्री जो सदन में मौजूद थे) से मिल लेना...सभी समस्याओं का हल हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


लेकिन राजेश रुके नहीं कहा कि 100 हैंडपंप मिला था। जहां जाइए जनता हैंडपंप ही मांगती है। इसलिए 250-250 हैंडपंप दे दें। 5 करोड़ की सड़क दी गई, अच्छी बात। 5 करोड़ की सड़क और दे दी जाए। इस पर घंटो से बैठे, अलसाए कई सदस्य भी जोश में मेज थपथपाने लगे। सदन में कई बार ठहाके भी लगे।

राणा प्रताप व लक्ष्मीबाई को पढ़ाएं

सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि बस्ता भारी, ज्ञान हल्का हो रहा है। उन्होंने पाठ्यक्रमों से तैमूर, चंगेज खां और बाबर का इतिहास हटाने और महाराणा प्रताप, लक्ष्मीबाई जैसी शख्सियतों का इतिहास पढ़ाने की मांग की। 

उन्होंने अपने क्षेत्र की समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सुनील ने कहा- वे सुनें ना सुनें अपना जारी रखें, अवाम सुन रही है, दास्तान जारी रख उनके हाथ का पत्थर, रहम नहीं खाएगा, अपनी उड़ान जारी रखें।

 

गिरिराज महराज व भारत माता के लगे जयकारे


मथुरा के बल्देव से विधायक पूरन प्रकाश ने अपनी बात की शुरुआत और अंत पूरे जोश के साथ गिरिराज महराज की जय, वंदेमातरम व भारत माता के जयकारे के साथ की। कैलाश सिंह राजपूत ने मेडिकल कॉलेज में हृदय व कैंसर रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति करने व अधूरे पैरा मेडिकल कॉलेज के काम जल्द पूरा कराने की मांग की। बाबूराम पासवान, कन्नौज की निर्मला शंखवार, दिनेश चौधरी और वाराणसी के सौरभ श्रीवास्तव ने भी क्षेत्रीय समस्याएं उठाईं।

मऊ रानीपुर को जिला बनाने, मुरादाबाद के लिए विवि की मांग

बिहारीलाल आर्य ने बुंदेलखंड में केन-बेतवा लिंक मार्ग पूरा कराने व मऊ रानीपुर को जिला बनाने समेत तमाम समस्याओं के निस्तारण की मांग की। रीतेश गुप्ता ने मुरादाबाद में एक विवि व एलिवेटेड रोड की मांग की। महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने हसनपुर में एक डिग्री कॉलेज व ट्रॉमा सेंटर बनवाने की मांग की। रजनी तिवारी ने गुणवत्तापरक शिक्षा के लिए सुझाव दिए। महेश त्रिवेदी ने कानपुर के गंगा बैराज के लिए 870 करोड़ के लंबित प्रोजेक्ट को पूरा कराने की मांग की।

तेरहवीं के खर्चे से गरीब की बेटियों को पढ़ाएं

राम प्रताप चौहान ने सामाजिक कुरीतियों की चर्चा करते हुए कहा कि आज तेरहवीं पर खर्च करने की जगह गरीबों की बेटियों की पढ़ाई पर खर्च करने की जरूरत है। उन्होंने गायत्री परिवार के संस्थापक श्रीराम शर्मा आचार्य की तपोभूमि आंवलखेड़ा को धार्मिक पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने, नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने और आलू प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना की मांग की।

बेसिक शिक्षा से समाज के प्रमुख लोगों को जोड़ें

विमला बाथम ने बेसिक शिक्षा के संचालन में समाज के प्रमुख लोगों को शामिल करने की वकालत की। अपने क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत के प्रयोग का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूल में बच्चों को पढ़ाने वाले आज सरकारी स्कूल में बच्चों का दाखिला करा रहे हैं। उन्होंने अपने क्षेत्र के लिए राजकीय कन्या डिग्री कॉलेज व पालीटेक्निक की मांग की।

 

‘रामराज्य का सपना साकार कर रहे’

मनीषा अनुरागी ने कहा पिछली सरकारों ने किसानों के बारे में नहीं सोचा। लेकिन अब किसानों की आय दोगुना करने के तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। पीएम मोदी और सीएम योगी गांधीजी के रामराज्य का सपना साकार करने में लगे हैं। उन्होंने बुंदेलखंड के किसानों को फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाने व राठ में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने का आग्रह किया।

सीतापुर के तत्कालीन एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग

सुरेश राही ने सीतापुर के एक गांव को खाली कराने का मामला उठाया। कहा, उनके क्षेत्र का हालपुर गांव बहुत पुराना है। लेकिन अब अभिलेख में उसका अस्तित्व नहीं है। 30 जुलाई को इलाकाई एसडीएम ने गांव को खाली कराने का आदेश पारित किया। डेढ़ माह तक वह आदेश दबाए रखा गया। फिर 5-6 सरकारी कर्मी गांव खाली कराने पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ये कर्मी धन वसूलने के लिए गांव गए थे। उन्होंने एसडीएम से लेकर लेखपाल तक के खिलाफ कार्रवाई और अभिलेख की गड़बड़ी सही कराने की मांग की।

‘सोशल मीडिया कैंसर से भी गंभीर बीमारी’

कमलेश सैनी ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग को कैंसर से गंभीर बीमारी बताते हुए इस पर नियंत्रण के लिए कड़ा कानून बनाने की मांग की। कहा, फोटो किसी का, वीडियो कहीं का, उसे एडिट कर किसी की भी छवि खराब करने का दौर चल रहा है। वह भी इसके शिकार हैं। ऐसी घटना से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का कानून बने। उन्होंने अपने क्षेत्र के जर्जर अस्पताल को बनवाने व चांदपुर से अलग-अलग क्षेत्रों को जोड़ने वाली चार सड़कों का निर्माण कराने की मांग की।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed