यूपी: वाहन के दरवाजे में टक्कर पर विधायक और राज्यमंत्री के ड्राइवर में विवाद, उठी कार्रवाई की मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानमंडल सत्र के दौरान गुरुवार को विधान भवन गेट के पास गोंडा के गौरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रभात कुमार वर्मा और कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत के वाहन चालक प्रशांत कुमार सिंह के बीच विवाद हो गया। दोनों ही ओर से घटना के लिए एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
भाजपा विधायक प्रभात ने विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित से मुलाकात कर शिकायत की है कि वह सुबह पौने 11 बजे विधानभवन परिसर गेट नंबर-7 के पास विधानसभा कार्यवाही में भाग लेने आ रहे थे। उसी समय उनका वाहन रुकने के बाद पीछे से एक इनोवा वाहन का चालक कान में मोबाइल लगाए बात करता हुआ आया और उनके वाहन में बाएं साइड से टक्कर मार दी। इससे उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और वह बाल-बाल बचे।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से प्रकरण को गंभीरता से लेकर इनोवा के वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई कराने का आग्रह किया है। प्रभात ने विधायक प्रेम नारायण पांडेय, विनय द्विवेदी, राम प्रताप वर्मा और पल्टूराम आदि के साथ प्रमुख सचिव विधानसभा व विशेष सचिव राज्य संपत्ति से भी ड्राइवर की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने समूह के सचेतक साकेंद्र प्रताप वर्मा को भी घटनाक्रम की जानकारी देकर कार्रवाई कराने का आग्रह किया है।
उधर, राज्य संपत्ति विभाग के वाहन चालक प्रशांत ने विशेष सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी से शिकायत की है कि वह राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत को सचिवालय गेट नंबर-7 के सामने पोर्टिको पर उतारकर उनके पीआरओ को छोड़ने कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में विधायक प्रभात वर्मा की गाड़ी थी। विधायक ने चलती गाड़ी में बाएं साइड का दरवाजा खोल दिया। इससे उनकी गाड़ी विधायक की गाड़ी इनोवा क्रिस्टा से टकरा गई जिससे गाड़ी का अगला दाहिना दरवाजा व साइड मिरर क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके बाद विधायक ने गाड़ी से उतरकर उनकी पिटाई की और गाली गलौज किया। उन्होंने राज्य संपत्ति अधिकारी से आवश्यक कार्यवाही की मांग की है। विधायक ने पिटाई व गालीगलौज से इंकार किया है।