मिल्कीपुर उपचुनाव: इस तरह से तय हुआ चन्द्रभानु पासवान का नाम, सर्वे रिपोर्ट बनी फैसले का आधार
Milkipur by-election: मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए भाजपा ने चन्द्रभानु पासवान को उम्मीदवारी बनाया है। सपा से सांसद अवधेश प्रसाद के पुत्र अजीत प्रसाद मैदान में हैं।
विस्तार
Milkipur Bypoll 2025: भारतीय जनता पार्टी ने मिल्कीपुर उपचुनाव में चंद्रभानु पासवान के रूप में नए और युवा चेहरे पर दांव लगाया है। संगठन की ओर से कराए गए सर्वे की रिपोर्ट हाईकमान के फैसले का आधार बनी। जनप्रतिनिधियों की पसंद और नापसंद के बीच का नाम तय किया गया। इनकी पत्नी दो बार से जिला पंचायत सदस्य हैं। ऐसे में चुनाव प्रबंधन का भी अनुभव है। कपड़े के कारोबार के चलते गुजरात से भी कनेक्शन है।
मिल्कीपुर सीट के लिए भाजपा के टिकट के करीब एक दर्जन दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए चंद्रभानु ने बाजी मारी है। इनमें दो पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा और रामू प्रियदर्शी भी शामिल हैं। इनके अलावा उप परिवहन आयुक्त सुरेंद्र कुमार को भी टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। उन्होंने तो टिकट के लिए आवेदन करने के बाद सरकारी सेवा से वीआरएस के लिए भी आवेदन कर दिया था। इसी तरह और भी कई बड़े चेहरे शामिल रहे।
चंद्रभानु पासी समाज से आते हैं। उपचुनाव में इनका मुख्य मुकाबला सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद से होना है। वे भी इसी समाज से हैं। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में पासी वर्ग के ही सर्वाधिक वोटर हैं। वे कपड़े और पेपर के थोक व्यवसायी हैं। गुजरात के अहमदाबाद और सूरत तक इनका कारोबार फैला है। यदि भाजपा प्रत्याशी के राजनीतिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो इनकी पत्नी कंचन पासवान वर्ष 2021 के चुनाव में रुदौली चतुर्थ सीट से 11,382 मत पाकर जिले में सर्वाधिक मतों से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई हैं। इसके पहले वर्ष 2015 में रुदौली पंचम सीट से 8396 मत हासिल कर सर्वाधिक मतों से जिला पंचायत सदस्य चुनी गई थीं। इनके पिता बाबा राम लखन दास 2021 में फिर से ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़ाव रखते हैं।
ये है भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान की प्रोफाइल
मिल्कीपुर की देवतुल्य जनता मेरे साथ, जीतेंगे चुनाव : चंद्रभानु
भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान ने कहा कि मिल्कीपुर की देवतुल्य जनता उनके साथ है। ऐसे में वे इस सीट पर जीत दर्ज कर इसे भाजपा की झोली में डालेंगे। एक बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी पूरी तैयारी है। सामने कोई प्रत्याशी हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारते हुए आम जनता को इसका लाभ दिलवाएंगे। भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता पर भरोसा किया है, इसे टूटने नहीं देंगे। पिता बाबा राम लखन दास ने कहा कि चंद्रभानु सिर्फ मेरा बेटा नहीं, पूरे विधानसभा क्षेत्र का बेटा व भाई है। मैं ग्राम प्रधान के रूप में और बहू जिला पंचायत सदस्य के रूप में जनता की सेवा में समर्पित हैं। जनता अब चंद्रभानु को अपना आशीर्वाद देकर रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएगी। टिकट की घोषणा के बाद चंद्रभानु के गांव परसौली में उत्सव का माहौल रहा। बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
हम राम को मानने वाले, उन्ही की राह पर चलेंगे
पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जो निर्णय किया है, वो स्वीकार और सर्वोपरि है। हम श्रीराम को मानने वाले लोग हैं। प्रभु श्रीराम भी राजगद्दी गंवाने के बाद जब वन की तरफ जा रहे थे, तब मुस्करा रहे थे। हम भी उन्हीं की दिखाई राह पर चलेंगे। पार्टी के लिए जी जान से जुटे रहेंगे। यह मायने नहीं रखता कि टिकट किसे मिला है। वैसे भी पार्टी ने पहले ही बहुत कुछ दिया है।