मिल्कीपुर उपचुनाव: अवधेश प्रसाद बोले- अजीत को जनता ने चुना, भाजपा विधायक सरकारी; लोकसभा में उठाएंगे मुद्दा
Milkipur by-election: मिल्कीपुर उपचुनाव में सपा को करारी हार का सामना करना पड़ा। चुनाव नतीजों के अलगे दिन सपा सांसद ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
विस्तार
मिल्कीपुर उपचुनाव हारने के बाद रविवार को पांच नंबर चौराहे पर हुई बैठक में सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि जनता ने अपने मतों से अजीत प्रसाद को विधायक चुना है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक सरकारी विधायक हैं। मतदान केंद्र में अधिकारियों ने वोट डाले। लगभग 50,000 बाहरी गुंडे भाजपा को वोट देने आए थे। लोगों ने 10-10 वोट भाजपा को देना कुबूल भी किया है।
कहा कि मिल्कीपुर विधानसभा के ही रायपट्टी बूथ के एक मतदाता के छह वोट डालने का वीडियो भी वायरल हुआ। कहा कि पीठासीन अधिकारियों को 10,000 रुपये भाजपा की तरफ से दिया गया था। उनके पास इसका सबूत है। बाहर के भाजपा के गुंडों को सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पकड़ा भी है।
मिल्कीपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी वोट की डकैती कराने में शामिल थे। तीनों थानों की पुलिस, उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर, जिलाधिकारी, एसएसपी ने भी भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए मतदाताओं को लाठी-डंडा व गोली के बल पर डराया-धमकाया। निष्पक्ष चुनाव होता समाजवादी पार्टी की बड़ी जीत होती। उपचुनाव में हुई वोटों की डकैती के मामले को लोकसभा में भी उठाएंगे।
भाजपा जीत पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
दिल्ली विधानसभा और मिल्कीपुर उप चुनाव में पार्टी की जीत पर डाक बंगले पर भाजपाइयों ने जश्न मनाया। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष किशोरी लाल भारती व जिला पंचायत सदस्य राम नेवल लोधी और पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी ने इस जीत को रामलला का आशीर्वाद बताया। गन्ना समिति के चेयरमैन निर्मल शर्मा ने सांसद अवधेश प्रसाद को अवसरवादी बताते हुए कहा कि इस चुनाव में उनका दोहरा चरित्र जनता ने देख लिया है। संचालन भाजपा नेता दुर्गेश श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान भाजपा नेता हिमांशु गर्ग, श्याम बाबू गुप्ता, नवनीत रस्तोगी, विजय सिंह, लवकुश पाठक, राघवेंद्र शर्मा, आशीष वैश्य, कुलदीप सोनकर आदि मौजूद रहे।