एक साथ आईं भाजपा-कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी, जानें- क्या हुई बातें, इन्होंने ये किए वादे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहली महिला मेयर चुनने के लिए तैयार लखनऊ के मतदाताओं की अपने उम्मीदवारों से अपेक्षाएं कम नहीं हैं। वे भावी मेयर से सड़क, सफाई, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही ट्रैफिक जाम, प्रदूषण और आवारा पशुओं से निजात की उम्मीदें लगाए हुए हैं।
अमर उजाला कार्यालय में बृहस्पतिवार को संवाद कार्यक्रम में पहुंचीं मेयर पद की उम्मीदवारों ने जनआकांक्षाओं पर खरा उतरने का वादा किया। कहा, हम शहर में स्वच्छता, सुगम यातायात व पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करेंगे। भाजपा व कांग्रेस की प्रत्याशी ने कहा कि वे पार्टी के सिंबल पर चुनाव जरूर लड़ रही हैं लेकिन चुने जाने पर दलीय भावना से ऊपर उठकर सेवा भाव से कार्य करेंगी।
74वां संशोधन संविधान लागू करवाना पहली प्राथमिकता : संयुक्ता
भाजपा प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया का कहना है कि मेयर चुने जाने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता 74वां संविधान संशोधन लागू कराने की होगी। इसके लागू हो जाने के बाद सड़क, शिक्षा, चिकित्सा और राजधानी की सांस्कृतिक विरासत को बचाने को लेकर उनके पास ज्यादा अधिकार होंगे। अधिकार मिलेंगे तो ज्यादा बेहतर तरीके से काम कर सकेंगे।
संयुक्ता ने कहा, पिछले 22 वर्षों से भाजपा के मेयर थे, लेकिन सरकारें दूसरे दलों की थीं जिसके कारण संतोषजनक काम नहीं हो पाए। अब सरकार भी हमारी है और मेयर भी हमारा होगा तो निश्चित तौर पर समग्र विकास होगा। सार्वजनिक स्थलों पर शौचालयों के निर्माण, शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर खास जोर रहेगा। भाजपा के संकल्प पत्र में महिलाओं के लिए पिंक शौचालय बनाए जाने की योजना है।
संयुक्ता बोलीं, जीती तो ये करूंगी...
पेयजल और कूड़ा प्रबंधन पर होगा फोकस
पानी की कमी पर उन्होंने वाटर हार्वेस्टिंग पर जोर देते हुए रिसाइकलिंग के लिए भी योजना लागू करने की बात कही। शहर में तेजी से बढ़ते कूड़े के ढेर और गंदगी के मुद्दे पर उन्होंने कूड़ा डंप न किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, योजना ऐसी होगी कि सीधे घर-घर से कूड़ा उठाया जाय और उसका उचित प्रबंधन योजना के तहत खाद बनाया जाएगा। मेयर बनने के बाद कूड़े प्रबंधन को उन्होंने अपनी सबसे पहली प्राथमिकता बताई।
ट्रैफिक-पार्किंग में किया जाएगा सुधार
शहर को जाम की समस्या से निजात के लिए उन्होंने कहा,सड़कों पर ठेले और सब्जी लगाने वालों को हटाया जाएगा। साथ ही उनके लिए एक चिह्नित जगह भी दी जाएगी ताकि उनका रोजगार भी न छिने। इस योजना के तहत सड़क का काफी हद तक अतिक्रमण कम हो जाएगा और वह सुचारू ट्रैफिक के लायक बन सकेगी। पार्किंग की समस्या पर उन्होंने लोगों से आदतों में सुधार लाने की बात कही। जहां पार्किंग होती है वहां पर भी लोग सड़क पर गाड़ियां खड़ी करते हैं।
...और महिलाओं की सुरक्षा पर
छेड़खानी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने एंटी रोमियो स्क्वायड योजना लागू कर अच्छी पहल शुरू की है। वहीं परिवार प्रबोधन पर भी जोर दिया। इसके तहत लड़कों में अच्छे संस्कार लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि घर में महिलाएं सबसे ज्यादा काम करती हैं और पूरे घर को संभालती हैं। यदि शहर की मेयर महिला होगी तो शहर को भी अच्छी तरह संभाल सकती है।
बुनियादी सुविधाएं करेंगे दुरुस्त : प्रेमा अवस्थी
कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमा अवस्थी का कहना है कि अगर वह महापौर बनीं तो उनकी प्राथमिकता सड़क, सीवर, सफाई, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार कराना होगा। इसमें भी बुजुर्गों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सर्वाधिक फोकस करेंगी। इनसे जुड़ी सेवाओं को पहले से और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगी। प्रदूषण कम करने और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए भी ठोस कदम उठाएंगी।
उन्होंने कहा, अगर जनता मुझे चुनेगी तो मैं नगर निगम को और सशक्त बनाऊंगी। पूर्व में नगर निगमों के पास जो अधिकार था, उसे प्रभावी बनाऊंगी। अब तक 22 साल से नगर निगम में भाजपा के मेयर बनते आए हैं लेकिन उन्होंने इसके लिए कुछ नहीं किया।
महापौर का चुनाव दल और सिंबल से ऊपर उठकर लड़ने के बारे में उन्होंने कहा कि चुनाव भले ही सिंबल पर हो लेकिन काम सेवाभाव से करूंगी। महापौर बनने के बाद किसी भी दल का व्यक्ति हो उसके साथ कोई भेदभाव नहीं होगा।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह नगर निगम के परिक्षेत्र में नहीं आता लेकिन देखेंगी कि इसके लिए क्या कर सकती हैं।
जीती तो ये करूंगी...
सांस्कृतिक विरासत को सहेजा जाएगा
लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और उसे बढ़ावा देने के लिए प्रयास करेंगी। कहती हैं कि मैं मेयर बनी तो ऑडिटोरियम और सांस्कृतिक केंद्रों को और बेहतर बनाऊंगी। प्राइमरी स्कूलों को और बेहतर बनाया जाएगा। यहां शिक्षकों की कमी दूर की जाएगी।
वाटर हार्वेस्टिंग होगी अनिवार्य
शहर में पेयजल किल्लत और पानी की बर्बादी रोकने के बारे में प्रेमा ने कहा कि पीने के पानी की किल्लत दूर करेंगी। रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को हर घर में अनिवार्य करेंगी। कूड़ा निस्तारण व्यवस्था कैसे प्रभावी होगी के बारे में उन्होंने कहा कि कूड़ा डंप करने और उसके त्वरित निस्तारण की व्यवस्था करेंगी। कूड़ा जहां भी इकट्ठा किया जाएगा, वहां उसे ढककर रखा जाएगा।
दिल्ली का ट्रैफिक मॉडल लागू होगा
पार्किंग व्यवस्था कैसे सुधरेगी, इस पर प्रेमा अवस्थी ने कहा कि वैसे तो यह प्राधिकरण के परिक्षेत्र का मामला है लेकिन हम इसके लिए भी प्रयास करेंगे। दिल्ली का ट्रैफिक मॉडल यहां भी लागू करेंगे। पूर्व के महापौरों ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।
राजधानी के विकास के लिए मांगा साथ : मीरा
समाजवादी पार्टी की मीरा वर्धन का कहना है कि राजधानी का विकास उनका मुख्य एजेंडा है। उन्होंने कहा, हमारी पार्टी ने शहर का विकास किया है। लखनऊ का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता होगी। सीवर, कूड़ा उठान, पानी की समस्या को दूर करने और गलियों-सड़कों को गड्ढा मुक्त करने पर उनका खास जोर रहेगा।
बिजली, पानी के होंगे माकूल इंतजाम : गोदियाल
बहुजन समाज पार्टी की बुलबुल गोदियाल ने कहा, सड़क, बिजली, स्वच्छ पानी, सफाई व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाएं हमारी प्राथमिकता है। शहर में शुद्घ पेयजल की व्यवस्था, सड़के दुरुस्त करवाना, सीवर, स्ट्रीट लाइटें, कूड़े का निस्तारण करवाना, शहर को सुव्यवस्थित करना, यातायात प्रबंधन और शहर को अतिक्रमण मुक्त करने पर जोर रहेगा।
नगर निगम घोटालों की होगी जांच, हाउस टैक्स करेंगे आधा : प्रियंका
आम आदमी पार्टी की प्रियंका माहेश्वरी ने कहा, मेयर बनने के बाद नगर निगम घोटालों की जांच करवा कर कार्रवाई करवाना हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, मेयर बनने के बाद वाटर टैक्स खत्म किया जाएगा और हाउस टैक्स आधा होगा। मोहल्ला क्लीनिक की स्थापना, महिला शौचालयों का निर्माण, पीने के साफ पानी की व्यवस्था भी प्राथमिकता पर होगी।