नोटबंदी पर मोदी सरकार के खिलाफ आज गरजेंगी मायावती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा मंगलवार को पूरे प्रदेश में एक साथ विधानसभा स्तर पर डॉ. अंबेडकर का परिनिर्वाण दिवस मनाएगी। बसपा सुप्रीमो मायावती राजधानी के डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करेंगी। इसमें वे केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले के खिलाफ गरजेंगी।
वहीं, लखनऊ मंडल व बाराबंकी छोड़कर बाकी जिलों के सभी छोटे-बड़े नेता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
विधानसभा चुनाव से पहले सभी दल दलित वोटों को साधने की कवायद में जुटे हैं। केंद्र की सत्ता में आने के बाद से ही भाजपा बड़े पैमाने पर डॉ. अंबेडकर से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
दलितों को जोड़ने के लिए पहले भी एक यात्रा निकाल चुकी कांग्रेस दलित स्वाभिमान यात्रा के जरिए फिर लोगों के बीच जा रही है।
सपा ने चुनाव के मौके पर बहाल की छुट्टी
सपा सरकार ने चुनाव के मौके पर ही सही, डॉ. अंबेडकर परिनिर्वाण दिवस पर सार्वजनिक छुट्टी बहाल कर दी है। इस छुट्टी को सपा सरकार ने ही रद्द किया था।
इधर नोटबंदी के फैसले ने राजनीतिक दलों को सियासत का नया एजेंडा दे दिया है। भाजपा जहां इस फैसले से जाति-धर्म की दीवार टूटती मानकर इसे फायदे का निर्णय मान रही है, वहीं विरोधी दल इससे लोगों को हो रही परेशानी को भुनाने में जुटे हैं।
नोटबंदी के खिलाफ बसपा सुप्रीमो मायावती सबसे ज्यादा आक्रामक होकर सामने आई हैं। राज्यसभा में वह कई बार इस मुहिम की अगुवाई करती नजर आईं। विपक्ष इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को उसी लाइन पर घेरने की कोशिश कर रहा है, जिसे मायावती ने सबसे पहले उठाया था।
मायावती ने नोटबंदी के एलान के तीसरे दिन ही आरोप लगाया था कि भाजपा ने अपनी पार्टी के लिए 100 साल का बंदोबस्त करने के बाद नोटबंदी का एलान किया है। अब दूसरे विपक्षी दल भी भाजपा से पिछले दस महीने में पार्टी संगठन व उसके नेताओं के खाते का हिसाब-किताब मांग रहे हैं।
अपने वोटर को सहेजने की चिंता
जानकार बताते हैं कि श्रद्धांजलि सभा में मायावती नोटबंदी को गरीब विरोधी फैसला और भाजपा को पूंजीपतियों का समर्थक साबित करने के लिए पूरे रौ में नजर आएंगी।
उनका वोट बैंक नोटबंदी के फैसले से गुमराह न हो, इसलिए वह संसद सत्र के बीच में श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करने लखनऊ आई हैं। वहीं, प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में नोटबंदी को गरीब, किसान, व्यापारी व अर्थव्यवस्था विरोधी बताने के लिए बसपा नेताओं को खास निर्देश दिए गए हैं।
छोटे-बड़े सभी नेताओं को अपने-अपने जिले में कार्यक्रम में मौजूद रहने को कहा गया है। प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर भी अपने अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय पर रहेंगे। लखनऊ के कार्यक्रम में लखनऊ मंडल व बाराबंकी जिले से ही भीड़ लाई जाएगी।