प्रेमिका को मोबाइल गिफ्ट करने जा रहे युवक को पीटकर मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काकोरी थाना क्षेत्र में सुनसान स्थान पर घात लगाए हमलावरों ने शनिवार रात प्रेमिका को मोबाइल गिफ्ट करने निकले फूल व्यवसायी श्यामू उर्फ शानू कश्यप (24) को पीटकर मार डाला।
उसके साथ स्कूटी पर सवार दोस्त को लहूलुहान करके भाग निकला। हमलावरों के डर से झाड़ियों में छिपे किशोर की चीखपुकार पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने फूल व्यवसायी को मृत घोषित करने के साथ दोस्त को आईसीयू में भर्ती किया है।
वारदात का शिकार बने युवक के पिता ने प्रेमिका व उसके परिवारीजनों पर हत्या का केस दर्ज कराया है। एसओ काकोरी रामनरेश यादव ने बताया कि ठाकुरगंज के बालागंज क्षेत्र निवासी सब्जी व्यवसायी महेशचंद्र कश्यप ने माल थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती व उसके परिवारीजनों पर अपने बेटे श्यामू की शनिवार रात अंधे की चौकी मोड़ के पास पीटकर हत्या व उसके दोस्त हरिओम को लहूलुहान करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महेश का कहना है कि उसके बेटे का युवती से प्रेमप्रसंग था। वह प्रेमिका को मोबाइल गिफ्ट करने के इरादे से शनिवार रात अपने दोस्त हरिओम व पीयूष नामक किशोर के साथ स्कूटी से रवाना हुआ।
रास्ते में काकोरी क्षेत्र में अंधे की चौकी के पास सुनसान स्थान पर घात लगाए युवती व उसके परिवारीजनों ने स्कूटी रुकवाई और शानू को बातचीत के बहाने सड़क के दूसरी तरफ ले गए। हरिओम भी उनके साथ जा पहुंचा।
युवती के परिवारीजनों ने दोनों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। बुरी तरह घबराया पीयूष झाड़ियों में जा छिपा। शानू व हरिओम को बुरी तरह पीटकर मरणासन्न हालत में पहुंचाकर हमलावर भाग निकले।
परिवारीजनों ने कराए थे संबंध विच्छेद
कुछ देर बाद हिम्मत जुटाकर पीयूष ने शोर मचाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को कॉल की। इस बीच पुलिस की गाड़ी आते देख पीयूष ने झाड़ियों से निकल कर जानकारी दी।
मॉडर्न पुलिस कंट्रोल रूम की टीम ने सड़क पर घायल पड़े दोनों युवकों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने शानू को मृत घोषित कर दिया। हरिओम की हालत नाजुक बताई है।
इकलौते बेटे की मौत पर रो रहे महेशचंद्र व उनकी पत्नी सावित्री ने बताया कि शानू फूल का व्यापार करता था। वह शनिवार शाम 12 हजार रुपये लेकर घर से निकला। मनकामेश्वर मंदिर के पास रिश्तेदार के घर गया।
वहीं रहने वाले दोस्त हरिओम व पीयूष के साथ लौटा और रात 9:30 बजे स्कूटी लेकर रवाना हुआ। परिवार में बहन नंदिनी व अंजली हैं। झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाने वाले पीयूष ने परिवारीजनों को बताया कि शानू अपनी प्रेमिका को मोबाइल गिफ्ट करने जा रहा था।
एसओ रामनरेश यादव ने कहा कि शानू का माल थाना क्षेत्र की युवती से प्रेमप्रसंग था। छानबीन में पता चला कि दोनों के परिवारीजनों ने विरोध जताकर संबंध विच्छेद कराए और चार माह पहले दोनों पक्षों में समझौता हुआ था।
इसके बावजूद शानू व उसकी प्रेमिका में फोन पर बातचीत होती थी। महेश का आरोप है कि युवती व उसके परिवारीजनों ने घात लगाकर हमला किया, जबकि दोनों युवकों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाली टीम ने हादसे व दोनों के मुंह से शराब की दुर्गंध आने की बात कही थी। हत्या का केस दर्ज करके युवती व उसके परिवारीजनों का लोकेशन व अन्य तरीके से सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।