पत्नी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पति ने किया बदनाम, प्रेमिका भी शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में कृष्णानगर के अंबेडकरनगर निवासी सुनील गौतम ने पत्नी से तलाक लेकर प्रेमिका से शादी करने के लिए उसे बदनाम करने की साजिश रची। दोनों ने फर्जी आईडी से सिमकार्ड खरीदकर उसे अश्लील मैसेज किए। फेसबुक पर उसकी फर्जी आईडी बनाकर मोबाइल नंबर के साथ अश्लील पोस्ट डालीं।
पीड़िता की शिकायत पर वीमेन पॉवर लाइन ने छानबीन की तब मामले का खुलासा हुआ। वीमेन पॉवर लाइन के आईजी नवनीत सिकेरा ने बताया कि पीड़िता ने कृष्णानगर कोतवाली में सुनील और उसकी प्रेमिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ कृष्णानगर विजय यादव ने कहा कि दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
आईजी वीमेन पॉवर लाइन ने बताया कि बीते दिनों एक महिला ने मोबाइल फोन पर अश्लील मैसेज भेजने और फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाने की शिकायत की थी। महिला की छह महीने पहले ही सुनील से शादी हुई थी। सुनील प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।
छानबीन में पता चला कि जिस नंबर से महिला को मैसेज आ रहे हैं, उस नंबर पर सुनील की दिन में कई बार बातचीत हो रही थी। यह नंबर सुनील की दस साल पुरानी प्रेमिका व कृष्णानगर में ही ब्यूटी पार्लर चलाने वाली युवती का था।
हालांकि, सुनील से पूछताछ की तो उसने इन्कार कर दिया। कॉल डिटेल दिखाने पर सच्चाई उगल दी। सुनील ने बताया कि वह परिवार के दबाव में प्रेमिका से शादी नहीं कर सका। शादी के बाद भी उसका प्रेमिका से मिलना-जुलना लगा रहा। इस बीच प्रेमिका ने पत्नी को बदनाम करके तलाक लेने की साजिश रची। इसके तहत फर्जी आईडी से सिमकार्ड खरीदे गए।
प्रेमिका ने किए अश्लील मैसेज
प्रेमिका ने कई सिमकार्ड से सुनील की पत्नी को अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए। वीमेन पॉवर लाइन ने काउंसलिंग का प्रयास किया लेकिन, सफलता नहीं मिली। इसके बाद मामला कृष्णानगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने महिला की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर सोमवार दोपहर सुनील और उसकी प्रेमिका को जेल भेज दिया। सुनील का कहना था कि तलाक के बाद वह प्रेमिका के साथ घर बसाने के ख्वाब देख रहा था।
पीड़िता ने बताया कि फेसबुक पर उसकी फर्जी प्रोफाइल बनाकर उसके दोस्तों और रिश्तेदारों की फेसबुक वॉल पर अश्लील फोटो व कमेंट डाले गए। लोगों ने उसे बताया तो होश उड़ गए।
उसने वीमेन पॉवर लाइन को जानकारी दी जिसके बाद फर्जी प्रोफाइल डिलीट कराई गई। फेसबुक प्रोफाइल से पीड़िता के कई दोस्तों और रिश्तेदारों के मोबाइल नंबर लेकर उन्हें भी अश्लील एसएमएस किए गए।