UP Big News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी में बनेगी एक और SIT, योगी बोले- बाराबंकी वालों के दोनों हाथों में लड्डू
UP Big News: उत्तर प्रदेश में आज दिनभर राजनीति से लेकर प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और मौसम तक कई अहम घटनाएं सामने आईं। राज्य के अलग-अलग जिलों से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं, जिनका सीधा असर आम जनता की जिंदगी पर पड़ता है। आइए एक ही खबर में पढ़ते हैं, उत्तर प्रदेश की आज की सबसे बड़ी और अहम खबरें।
विस्तार
UP Big News: हम आपके लिए उत्तर प्रदेश से जुड़ी दिनभर की सभी प्रमुख और अहम खबरों का संक्षिप्त, लेकिन प्रभावी सार लेकर आए हैं। हालांकि 'पूरी खबर पढ़े' पर क्लिक करके आप उस खबर को विस्तृत रूप में पढ़ सकते हैं। यहां प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक की घटनाओं के बारे में तथ्यात्मक और सटीक जानकारी आपको मिलेगी। राज्य में क्या बदला? कहां क्या हुआ? कौन-सी खबरें सुर्खियां बनीं? सब कुछ एक ही जगह पर पढ़ सकते हैं। आइए, आज की उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरों पर विस्तार से नजर डालते हैं।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, बनेगी एक और SIT बनेगी
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक नई विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने के संकेत दिए। कोर्ट ने कहा कि नई एसआईटी में पहले से जांच कर रहे अधिकारियों को भी शामिल किया जा सकता है। पढ़ें पूरी खबर
सीएम योगी बोले- बाराबंकी वालों के 'दोनों हाथों में लड्डू'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी के रामनगर स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर की आधारशिला रखी और दरियाबाद में आयोजित जनसभा में करीब 550 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग प्रदेश की विरासत के विरोधी हैं, वही विकास के भी सबसे बड़े विरोधी हैं। पढ़ें पूरी खबर
'पेपर लीक से लेकर बेरोजगारी तक', मायावती ने सरकार पर दागे सवाल
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने देश में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं की बेरोजगारी को लेकर केंद्र व राज्य सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सदन से लेकर सड़कों और दिल्ली के जंतर-मंतर तक में विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर टकराव की स्थिति है। परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य अधर में है। सरकारों को इस पर सख्त कदम उठाने चाहिए। पढ़ें पूरी खबर
सांप से डसवाकर पति का कत्ल कराने वाली दामिनी जेल में रोई
मेरठ में स्कूल मालिक अतुल पंवार की करैत सांप से डसवाकर हत्या कराने वाली पत्नी दामिनी भड़ाना शनिवार पूरी रात जेल में करवटें बदलती रही। दादा अजब सिंह के पास बेटे मानिक को याद कर उससे मिलने की इच्छा जेल अधिकारियों से जताई है। बेटे को जेल में याद कर भावुक हो रही है हालांकि दादा ने पोते को अपने पास रखने की बात कहकर दामिनी से मिलवाने से भी मना कर दिया है। वहीं दूसरी ओर पुलिस जल्द इस मामले में आरोप पत्र दाखिल कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाने की बात कह रही है। पढ़ें पूरी खबर
किसी भी हाल में भंग नहीं हो सकता राम मंदिर ट्रस्ट, सिर्फ व्यवस्था में संशोधन संभव
निर्मोही अखाड़ा की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका देकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग करने की मांग उठाई गई है। इससे पहले हिंदू महासभा ने भी राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग उठाई है। इसके बाद ट्रस्ट की स्थापना संबंधी मूल ट्रस्ट डीड और नौ नवंबर 2019 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर फिर से चर्चा शुरू हो गई है। उपलब्ध ट्रस्ट डीड के अध्ययन से स्पष्ट होता है कि ट्रस्ट को भंग करने का कोई प्रावधान नहीं है। पढ़ें पूरी खबर
त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ की मौत, बागपत में सदमे में परिवार
यूपी के बागपत स्थित बिहारपुर गांव निवासी और त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ की सोमवार को अगरतला पुलिस मुख्यालय में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों व उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, छोटे भाई रविराज ने आत्महत्या की आशंका पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अनुराग ऐसा कदम नहीं उठा सकते।
अगरतला पुलिस मुख्यालय में सोमवार को अनुराग धनखड़ का शव उनके कार्यालय कक्ष में मिला। शुरुआती स्तर पर मामले को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अनुराग धनखड़ के छोटे भाई रविराज ने बताया कि उन्हें पुलिस से घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पढ़ें पूरी खबर
प्रदेश के इन 33 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, बाराबंकी में बना रिकॉर्ड; छत गिरने से पांच की मौत
यूपी में अच्छी बारिश का दौर अभी बना हुआ है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को प्रदेश के 33 जिलों में गरज चमक के साथ अतिभारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 34 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार को पूर्वांचल, तराई और बुंदेलखंड के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। बाराबंकी में सर्वाधिक 118.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद बांदा में 85.6 मिमी, श्रावस्ती में 79.4 मिमी, हमीरपुर में 70 मिमी और रामपुर में 68.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। पढ़ें पूरी खबर