सातवें दिन भी राम मंदिर के लिए महंत का अनशन जारी, मनाने पहुंचे डीएम-विधायक की कोशिशें भी नाकाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राममंदिर निर्माण की मांग को लेकर तपस्वी छावनी परिसर में अशोक वृक्ष के नीचे आमरण अनशन पर बैठे महंत परमहंस का अनशन निरंतर दृढ़ होता जा रहा है। दूसरी तरफ अनशन समाप्त करने की कवायद तेजी से शुरू हो चुकी है, लेकिन महंत परमहंस अपनी जिद पर अड़े हैं।
आमरण अनशन में बैठे महंत परमहंस के स्वास्थ्य में तेजी से गिरावट आ रही है। महंत परमहंस ने पत्रकारों से कहा कि रामलला तंबू में हैं, इससे बड़ी गुलामी क्या हो सकती है। जिलाधिकारी मिलने आए थे। प्रशासन ने सकारात्मक पहल की है। जब तक प्रधानमंत्री मोदी जी नहीं चाहेंगे मंदिर निर्माण नहीं हो पाएगा। यदि शीघ्र कोई ठोस पहल नहीं होती है तो हमने सबको एकजुट होने का आह्वान कर दिया है। 14 तारीख से कारसेवा शुरू करके रामलला के लिए कुर्बानी देने के लिए तैयार हूं।
नहीं काम आई मनौव्वल की कोशिशें
महंत परमहंस के मान-मनौव्वल के प्रयास तेज हो गए हैं। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अनशन स्थल पर पहुंचकर महंत परमहंस को मुख्यमंत्री से फोन पर वार्ता कराने का प्रस्ताव रखा, लेकिन परमहंस नहीं माने। उन्होंने कहा कि फोन से वार्ता करने पर अनशन नहीं टूटेगा। योगी जी अयोध्या आकर प्रधानमंत्री को संदेश दें।
दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास, मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी कमलनयन दास, महंत गिरीशपति त्रिपाठी व डीएम डॉ. अनिल कुमार पाठक द्वारा महंत को समझाने व मनाने की कोशिशें जारी हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि वे अनशन खत्म के प्रयास में लगे हुए हैं। साधु-संतों से इस बाबत बातचीत का दौर चल रहा है। एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया भी परमहंस को मनाने पहुंचे। दावा किया कि इसका हल हम शीघ्र निकाल लेंगे।
समर्थन का दौर जारी
उधर, रविवार को भी एक बार किन्नर समाज ने अनशन स्थल पर पहुंचकर जय श्रीराम के नारे लगाए। उत्तर भारत किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर महाभवानीनाथ बाल्मीकि व गुलशन बिंदु की अगुवाई में बड़ी संख्या में किन्नर समाज ने महंत परमहंस की मांग को जायज बताते हुए कहा कि अब राममंदिर का निर्माण तो होना ही चाहिए।
हिंदु युवा वाहिनी भारत के प्रदेश अध्यक्ष अनुभव शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ महंत परमहंस को समर्थन देने पहुंचे। राममंदिर निर्माण की मुहिम चला रहे बबलू खान ने भी अनशन स्थल पर पहुंचकर महंत परमहंस को देवा शरीफ से गमछा लाकर सौंपा। कहा कि उन्होंने देवा शरीफ का दर्शन कर राममंदिर के लिए दुआ मांगी है।
गंभीर होती जा रही महंत की हालत : सीएमएस
मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अनशन के सातवें दिन सुबह महंत परमहंस का मेडिकल चेकअप किया गया। उनका वजन लगातार तेजी से घट रहा है। ब्लड प्रेशर कभी कम तो कभी ज्यादा हो रहा है। यह स्थिति धीरे-धीरे महंत की हालत क्रिटिकल होते जाने का संकेत है। महंत के ब्लड की जांच कराई है। जांच रिपोर्ट आते ही जिला प्रशासन को सूचना दी जाएगी।