20 हजार घरों में लगेंगे स्मार्ट बिजली मीटर, ऑनलाइन रुकेगी पेमेंट न करने वालों की सप्लाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में बिजली बिल के बकायेदारों के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है। ऐसे उपभोक्ता अब हर महीने बिल चुकाने की आदत डाल लें, नहीं तो ऑनलाइन बिजली कट जाएगी और उन्हें पता भी नहीं चलेगा। मध्यांचल निगम स्मार्ट मीटर के जरिये यह कार्रवाई करने जा रहा है। पहले चरण में 20 हजार उपभोक्ताओं के घर में ये मीटर लगाएंगे जाएंगे।
मुख्य अभियंता (वाणिज्य) अशोक कुमार के मुताबिक स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुक्रवार से शुरू हो चुका है। पहला स्मार्ट मीटर अपट्रॉन खंड के नूरबाड़ी निवासी शशिकला के घर लगाया गया है।
10 सितंबर से अपट्रॉन के साथ-साथ चौक खंड के मोहल्लों एवं बाजारों में स्मार्ट मीटर लगने शुरू होंगे। मध्यांचल निगम ने स्मार्ट मीटर लगाने का ठेका केंद्र सरकार की एजेंसी को दिया, जिसने यह जिम्मेदारी एलएंडटी को सौंपी है।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ता बिल जमा नहीं करेगा तो उसकी सप्लाई काटने के लिए कर्मचारी घर भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कार्यालय में बैठे-बैठे ही ऑनलाइन बिजली काट दी जाएगी, जिसे बिल चुकाए बिना चालू करना मुमकिन नहीं होगा।
अधिक लोड पर बत्ती गुल
अधीक्षण अभियंता संदीप पांडेय ने बताया कि स्मार्ट मीटर की खासियत यह है कि जो उपभोक्ता जितना लोड स्वीकृत कराएगा उतनी ही बत्ती जला पाएगा। अधिक लोड होते ही स्वत: मीटर से बत्ती गुल हो जाएगी। उपभोक्ता जब तक सिस्टम से विद्युत लोड को कम नहीं करेगा, बत्ती नहीं जलेगी।
होगी ऑटोमैटिक रीडिंग
स्मार्ट मीटर की रीडिंग लेने के लिए कर्मचारी को घर नहीं भेजना होगा। इसकी रीडिंग ऑटोमैटिक होगी, जिससे उपभोक्ता कोई हेराफेरी नहीं कर पाएंगे। स्मार्ट मीटर को प्रीपेड मीटर में तब्दील कराने की भी सुविधा मिलेगी।
नहीं कर पाएंगे बिजली चोरी
मध्यांचल निगम मीटर से पहले सर्विस केबल काट कर बिजली चोरी करने वालों पर भी शिकंजा कसेगा। इसके लिए स्टील वायर का इस्तेमाल होगा, जिससे बिजली चोरी नहीं हो पाएगी। केबल के ऊपर स्टील से कवर होगा जिसे काटना आसान नहीं होगा।