लखनऊ हिंसा: नहीं मिले पुलिस के लुटे पिस्टल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलविदा की नमाज के बाद शुक्रवार को शहीद स्मारक के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों में भिड़ंत के दौरान समर्थकों समेत गिरफ्तार शिया धर्मगुरु कल्बे जव्वाद को शनिवार तड़के रिहा कर दिया गया।
उनकी मांग पर पुलिस ने दो नाबालिगों को छोड़ा दिया। साथ ही, मौलाना कल्बे जव्वाद की ओर से हत्या और अन्य संगीन धाराओं की रिपोर्ट दर्ज की है। इसके अलावा पुलिस ने उपद्रव के दस अन्य मुकदमे दर्ज किए हैं।
इधर, दरोगाओं के लुटे पिस्टलों की तलाश में पुलिस ने कई घर खंगाले, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। वहीं पुराने शहर के बाजारों में शनिवार को खासी भीड़ रही।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात थे, लेकिन हालात बिगड़ने से सशंकित व्यापारी अपनी दुकानें कभी भी बंद करने की तैयारी में थे।
हत्या और संगीन धाराओं में मुकदमें दर्ज
पुलिस के मुताबिक, शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार मौलाना कल्बे जव्वाद और उनके 40 समर्थकों को तड़के रिहा कर दिया गया। इससे पहले उपद्रव में पकड़े गए दो नाबालिगों को पुलिस ने मौलाना कल्बे जव्वाद की मांग पर रिहा किया।
वहीं मौलाना कल्बे जव्वाद की तहरीर पर वसीम रिजवी और उनके साथियों के खिलाफ हत्या और अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौलाना ने उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन में वसीम रिजवी व उनके साथियों द्वारा उपद्रव करने का आरोप लगाया है।
तहरीर में उन्होंने बताया है कि ये लोग तोड़फोड़ और मारपीट के दौरान तर्रार हुसैन मेंहदी से भिड़ गए, जिसमें उनकी जान चली गई।
पुलिस अफसरों का कहना है कि फोटो और वीडियो रिकार्डिंग के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है। दो दरोगाओं से सरकारी पिस्टल लूटने वालों का पता लगाने के लिए कई मोबाइल सर्विलांस पर लिए गए हैं।
उपद्रवियों पर भी होगी कार्रवाई
उधर, एसओ वजीरगंज अभिनव सिंह पुंडीर ने अमीर, शमील रजा, मीसम रिजवी, फिदा हुसैन, हिदायत नवाब, रजा अब्बास, सलमान, मुनव्वर, हसन रजा आदि के खिलाफ बलवा, तोड़फोड़, निषेधाज्ञा का उल्लंघन, आगजनी समेत आईपीसी की विभिन्न धाराओं के साथ 7 क्रिमिनल लॉ अमेडमेंट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हाता चौकी इंचार्ज अवनीश सिंह ने उपद्रवियों के खिलाफ बलवा, एसआई लालचंद सरोज पर कातिलाना हमला करके पिस्टल लूटने और अन्य धाराओं के तहत रिपोर्ट लिखाई है। इसी तरह एसएसआई हरिओम श्रीवास्तव ने भी बलवा, कातिलाना हमला व सरकारी पिस्टल लूटने आदि का मुकदमा लिखाया है।
इसके अलावा रूमी गेट चौकी इंचार्ज संजीत सोनकर ने शमील, आमिर अब्बास, नसीम आदि दो हजार लोगों के खिलाफ चौक कोतवाली में संगीन धाराओं में रिपोर्ट लिखाई है।
35वीं वाहिनी पीएसी के चालक धर्मेंद्र यादव, एसआई संजय कुमार पांडेय, एसआई उमेश चंद्र, टीएसआई संजय तिवारी, फायरमैन पारसनाथ व बुद्धा पार्क के चौकीदार छंगाराम की तरफ से चौक कोतवाली में दो से पांच हजार तक उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।