बवाल के बाद आज खुलेगा लखनऊ विश्वविद्यालय, मंगलवार से होगी पढ़ाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ विश्वविद्यालय में बुधवार को हुई मारपीट के मामले में कुलपति और लखनऊ यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (लूटा) अलग-अलग नजर आ रहे हैं। कुलपति प्रो. एसपी सिंह ने शनिवार से विवि खोलने की घोषणा कर दी है। यह भी बताया कि मंगलवार से काउंसलिंग और पढ़ाई नियमित रूप से चलेगी।
उन्होंने पढ़ाई की शुरुआत करने तथा शैक्षणिक कैलेंडर का पालन करने के लिए विभागाध्यक्षों की बैठक बुलाई है। इसमें सभी को टाइम टेबल लेकर आने को कहा गया है। वहीं, लूटा ने अभी भी कार्य बहिष्कार खत्म करने की घोषणा नहीं की है। विवि में शुक्रवार को हुई लूटा की आम सभा में कार्य बहिष्कार वापस लेने पर सहमति नहीं बनी। अब दोबारा सोमवार को बैठक बुलाई गई है।
कुलपति ने बताया कि डीजीपी ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था में पूरी तरह से सहयोग करने की बात कही है। हाईकोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया है, इसलिए छात्रहित को देखते हुए अब विवि खोला जा रहा है। प्रवेश समन्वयक को काउंसलिंग का नया कार्यक्रम घोषित करने के लिए कह दिया गया है।
शनिवार को विभागाध्यक्षों की बैठक में टाइम टेबल रखा जाएगा। इस बार विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि प्रथम वर्ष की कक्षा सीनियर टीचर लेंगे। विवि में शैक्षिक माहौल को लेकर क्या बेहतर कदम उठाए जा सकते हैं, बैठक में इस पर भी चर्चा होगी।
तीन घंटे चली बैठक, लूटा बहिष्कार पर कायम
लविवि में लूटा की आम सभा दोपहर 12:30 बजे से 3.30 तक चली। बैठक में सबके अपने-अपने मत थे। चौकी इंचार्ज के निलंबन, सीओ के तबादले और हाईकोर्ट द्वारा मामले का स्वत: संज्ञान लिए जाने से शिक्षकों का एक धड़ कार्य बहिष्कार वापस करना चाहता था।
वहीं, दूसरा एसएसपी पर कार्रवाई करने तथा हमला करने वालों की गिरफ्तारी होने तक कार्य बहिष्कार रखना चाहता था। एसएसपी ने हाईकोर्ट के सामने 48 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है। इसे देखते हुए सोमवार को फिर आम सभा की बैठक होगी। इसमें कार्य बहिष्कार वापस लेने पर फैसला होगा।
लुआक्टा भी लूटा के साथ
लखनऊ यूनिवर्सिटी एसोसिएट कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (लुआक्टा) भी लूटा के साथ खड़ी है। इसके अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने सहयुक्त कॉलेजों में कार्य बहिष्कार जारी रखने की बात कही है। लुआक्टा के फैसले से सहयुक्त कॉलेजों में दाखिले के लिए चल रही काउंसलिंग पर फिर से संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
जेएनपीजी, नवयुग, कालीचरण, आईटी गर्ल्स जैसे कॉलेजों ने शुक्रवार के बाद शनिवार को काउंसलिंग शुरू करने की बात कही थी। लुआक्टा के निर्णय के बाद अब कॉलेज फिर से अपने फैसले पर विचार करेंगे।