लखनऊ। सीजेपी के नेता एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका बृहस्पतिवार को लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने लखनऊ विवि के छात्र नेताओं से देर शाम मुलाकात की। इससे पहले दिन में आशुतोष के लखनऊ विवि आने की सूचना थी। इसे लेकर विवि प्रशासन सतर्क हो गया। विवि के भीतर और सभी द्वारों पर भरी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि आशुतोष ने शाम को समाजवादी छात्र सभा के नेता महेंद्र यादव की अगुवाई में पहुंचे लखनऊ विवि के छात्र नेताओं से बहुखंडी विधायक आवास के पास मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
छात्रनेता महेंद्र कुमार यादव ने बताया कि इस दौरान छात्रों ने शिक्षा, रोजगार, छात्र अधिकारों और विश्वविद्यालयों में समान अवसर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। युवा गुणवत्तापूर्ण और सस्ती शिक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सम्मानजनक रोजगार की मांग कर रहे हैं। आशुतोष रांका ने छात्रों से कहा कि युवाओं और छात्रों की भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जरूरी है। शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर संवाद को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया। एनएसयूआई के प्रिंस प्रकाश ने बताया कि आशुतोष ने छात्रों के जस्टिस मोर्चा को समर्थन देने की बात कही और मोर्चा की यात्रा में शामिल होने के लिए भी हामी भरी।