लखनऊ: प्रशिक्षण पूरा कर चुके डिप्टी जेलरों व कर्मियों की हुई पासिंग आउट परेड, दिलाई गई शपथ
Passing out parade: एसजेटीआई में 13 महिला अफसर समेत यूपी के 40 प्रशिक्षु डिप्टी जेलरों ने प्रशिक्षण पूरा किया। इसके साथ ही यूपी व उत्तराखंड के 128 जेल वार्डरों की भी संस्थान मे मंगलवार को पासिंग आउट परेड हुई।
विस्तार
लखनऊ के आलमबाग़ स्थित डॉ. सम्पूर्णानंद कारागार प्रशिक्षण संस्थान (जेल ट्रेनिंग स्कूल ) में मंगलवार को प्रशिक्षण पूरा कर चुके डिप्टी जेलरों व कर्मियों की पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मौजूद कारागार मंत्री को प्रशिक्षुओं ने सशस्त्र सलामी दी। संस्थान के निदेशक व डीआईजी ने उन्हें शपथ दिलाई। वहीं,प्रशिक्षण सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बेस्ट कैडेट का खिताब यूपी की डिप्टी जेलर अनन्या अत्री व उत्तराखंड के जेल वार्डर प्रदीप सिंह को दिया गया। मंत्री ने अव्वल प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। डीजी जेल ने कार्यक्रम के समापन पर सभी को बधाई देते हुए जीवन मे सकारात्मक सोच व निरन्तर परिश्रम के साथ आगे बढने का मंत्र दिया।
एसजेटीआई में 13 महिला अफसर समेत यूपी के 40 प्रशिक्षु डिप्टी जेलरों ने प्रशिक्षण पूरा किया। इसके साथ ही यूपी व उत्तराखंड के 128 जेल वार्डरों की भी संस्थान मे मंगलवार को पासिंग आउट परेड हुई। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने प्रशिक्षुओं की पासिंग आउट परेड की सलामी ली। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने प्रशिक्षु अफसरों एवं जेल वार्डेरो की मेंहनत की सराहना करते हुए कहा परेड के दौरान मंच से गुजरते प्रशिक्षुओं के प्रत्येक कदम शरीर में रोमांच और गर्व का संचार कराता है।यह अनुशासन,समर्पण और कर्तव्य निष्ठा का प्रतीक है। मंत्री ने कहा वर्ष 1940 में स्थापित यह कारागार प्रशिक्षण संस्थान एशिया का पहला ट्रेनिंग सेंटर है जहाँ सिर्फ़ भारत के ही नहीं बल्कि नेपाल,तंजानिया व सूडान के जेल कर्मी भी प्रशिक्षण ले चुके हैं।संस्थान में अब तक 1679 अफसर व 13149 जेल वार्डर प्रशिक्षित होकर जेल विभाग में सेवाएं दे चुके हैं।
डीजी पीवी रामाशास्त्री ने कहा प्रशिक्षण के दौरान पहली बार पुलिस विभाग के सहयोग से प्रशिक्षुओं को पुलिस अकादमी मुरादाबाद में एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।जिससे उनकी व्यावहारिक दक्षता में इजाफा होगा।साथ ही तीनो नए आपराधिक कानून का भी प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक व डीआईजी जेल डॉ रामधनी ने नए डिप्टी जेलरों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।